गढ़शंकर (हरि कृष्ण गंगड़):- आम आदमी पार्टी के गढ़शंकर से विधायक एवं पंजाब विधानसभा के डिप्टी स्पीकर जय कृष्ण सिंह रौड़ी को 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए लगातार तीसरी बार पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया गया है। घोषणा के बाद उन्होंने जनसंपर्क अभियान शुरू करते हुए पार्टी नेतृत्व और जनता का आभार व्यक्त किया।

अभियान के तहत रौड़ी ने अड्डा झुंगियां स्थित माता शीतला देवी मंदिर में माथा टेककर क्षेत्र की तरक्की, खुशहाली, शांति और आपसी भाईचारे के लिए प्रार्थना की। इसके बाद उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बाजार में पैदल मार्च किया। इस दौरान उन्होंने दुकानदारों, व्यापारियों और स्थानीय निवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए प्रयास करने का भरोसा दिया।

रौड़ी ने कहा कि जनता द्वारा जताया गया विश्वास उनके लिए एक बड़ी जिम्मेदारी है, जिसे वह पूरी ईमानदारी और लगन से निभाएंगे। उन्होंने लोगों के बीच रहकर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और बेहतर जनसुविधाओं के लिए काम करते रहने की प्रतिबद्धता दोहराई।

उन्होंने पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों का भी आभार जताते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ता ही पार्टी की ताकत हैं। जनसंपर्क अभियान आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा।

इस अवसर पर संगठन प्रभारी चरणजीत सिंह चन्नी, मार्केट कमेटी के चेयरमैन बलदीप सिंह सैनी, युवा अध्यक्ष प्रिंस चौधरी, ब्लॉक अध्यक्ष, सोशल मीडिया टीम के सदस्य, ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधि, वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता व स्वयंसेवक मौजूद रहे।