रतिया, 4 नवंबर (एडवोकेट गुरप्रीत सिंह मंडेर):- जिला शिक्षा अधिकारी संगीता बिश्नोई एवं जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) बलवान सिंह ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी), खाई का औचक निरीक्षण किया। विद्यालय पहुंचने पर प्राचार्य अबनीश गर्ग एवं स्टाफ सदस्यों ने अधिकारियों का स्वागत किया।

निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी संगीता बिश्नोई ने विभिन्न कक्षाओं में जाकर छात्राओं से पाठ्यक्रम एवं शिक्षण गतिविधियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विशेष रूप से बारहवीं कक्षा के पाठ्यक्रम की प्रगति के बारे में जानकारी ली। वहीं, दसवीं कक्षा में गणित एवं विज्ञान विषयों के शिक्षण की विधियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिए कि विषयों को अधिक प्रभावशाली एवं सरल ढंग से समझाने के लिए प्रायोगिक गतिविधियों तथा उदाहरणों का विशेष रूप से सहारा लिया जाए, ताकि छात्राएं विषयों को केवल पढ़ें ही नहीं, बल्कि उन्हें व्यावहारिक रूप से भी समझ सकें।

उन्होंने विद्यालय की विज्ञान प्रयोगशाला एवं कंप्यूटर प्रयोगशाला का भी अवलोकन किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से छात्राएं अपने जीवन में सफलता की नई ऊंचाइयां हासिल कर सकती हैं। इसके लिए नियमित अध्ययन, अनुशासन और परिश्रम के साथ-साथ सामान्य ज्ञान पर भी विशेष ध्यान देना आवश्यक है।

अधिकारियों ने छात्रावास में दोपहर के भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा छात्राओं के रहने, खाने-पीने और अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय परिसर एवं छात्रावास में स्वच्छता व्यवस्था, स्टाफ की उपस्थिति तथा विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों की भी जांच की। इसके अतिरिक्त सभी कक्षाओं एवं परिसर में सुरक्षा, बिजली और पेयजल की उपलब्धता संबंधी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी ने छात्राओं से सीधे संवाद करते हुए छात्रावास में मिलने वाले भोजन, रहने की सुविधाओं और उनकी दैनिक आवश्यकताओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी ली। छात्राओं से बातचीत के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया तथा विद्यालय प्रबंधन को शिक्षा एवं छात्रावास की सुविधाओं में निरंतर गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर विद्यालय की वार्डन महेशी, साहित्यकार डॉ. नैब सिंह मंडेर, प्रवक्ता कंवरजीत सिंह, बनवारी लाल, चरणजीत सिंह, सोनू गर्ग, सुनीता मोंगा, घनश्याम नापा, शीनू, सीमा रानी, निशा रानी सहित समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।