चंडीगढ़, 26 नवंबर (पैगाम-ए-जगत):- हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि वर्ष 2014 में जब कांग्रेस की सरकार थी, तब स्वास्थ्य बजट मात्र 2,000 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर लगभग सात गुना यानी 14 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। आगामी आम बजट में वर्तमान सरकार इस बजट में और वृद्धि करेगी।

आरती सिंह राव आज संविधान दिवस और हरियाणा के गठन के 60 वर्ष पूरे होने पर मनाई जा रही हीरक जयंती के अवसर पर बुलाए गए विधानसभा के विशेष सत्र में बोल रही थीं। उन्होंने सदन में विपक्ष के नेता श्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और विधायक श्री बी.बी. बत्रा द्वारा स्वास्थ्य क्षेत्र में बजट कम होने के मुद्दे पर आंकड़ों सहित जोरदार जवाब दिया।

स्वास्थ्य मंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत में प्रदेश की जनता और सदन के सदस्यों को संविधान दिवस तथा हरियाणा के गठन की हीरक जयंती की बधाई दी।

संविधान सभा के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद और प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. भीमराव अंबेडकर के साथ-साथ संविधान निर्माण से जुड़े सभी सदस्यों को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि भारत का संविधान लोकतंत्र की आत्मा है। जिस प्रकार आत्मा के बिना शरीर निर्जीव होता है, उसी प्रकार संविधान के सिद्धांतों और भावना के बिना लोकतंत्र की कल्पना नहीं की जा सकती।

आरती सिंह राव ने आगे कहा कि संविधान सरकार को शक्ति प्रदान करता है, लेकिन उस शक्ति पर सीमाएं भी लगाता है, ताकि कोई भी सत्ता तानाशाह न बन सके। यह कार्यपालिका, विधायिका और न्यायपालिका के बीच संतुलन बनाए रखता है।

उन्होंने कहा कि हमारा संविधान केवल शासन का विधान नहीं, बल्कि न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के आदर्शों पर आधारित ऐसे समाज की परिकल्पना है, जहां प्रत्येक नागरिक को गरिमा, स्वास्थ्य और न्याय प्राप्त हो। उन्होंने यह भी कहा कि हमारे संविधान में भारत के सभी नागरिकों के स्वास्थ्य को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए हैं। लेकिन संवैधानिक मूल्यों की सार्थकता तभी है, जब सभी नागरिक स्वस्थ जीवनशैली, नियमित स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, स्वच्छता और जन स्वास्थ्य अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाएं, जिससे एक स्वस्थ और सक्षम समाज का निर्माण हो सके।

हरियाणा की हीरक जयंती मनाने के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इस 60 वर्ष के सफर में प्रदेश ने काफी तरक्की की है। पिछले 12 वर्षों में हरियाणा ने वैसे तो हर क्षेत्र में प्रगति की है, लेकिन स्वास्थ्य के क्षेत्र में बुनियादी विकास से लेकर शैक्षणिक विकास तक बहुत अधिक काम हुआ है। इस कार्यकाल में प्रदेश में एक मेडिकल विश्वविद्यालय और 12 मेडिकल कॉलेज स्थापित किए गए हैं। मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की 2,260 और पीजी की 788 सीटें बढ़ाई गई हैं। पंडित नेकी राम शर्मा सरकारी मेडिकल कॉलेज, भिवानी और महर्षि च्यवन सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, कोरियावास (नारनौल) का निर्माण पूरा हो चुका है। यहां ओपीडी सेवाएं शुरू होने के साथ ही 2025–26 सत्र के लिए दोनों कॉलेजों में 100-100 एमबीबीएस सीटों पर दाखिले किए गए हैं।

वर्तमान सरकार की उपलब्धियों का आगे उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि 4 फरवरी, 2024 को पीजीआईएमएस, रोहतक में हरियाणा के सरकारी क्षेत्र में पहली रीनल ट्रांसप्लांट सर्जरी सफलतापूर्वक की गई। सेंटर ऑफ एक्सीलेंस पीजीआईडीएस, रोहतक में 24 घंटे आपातकालीन सेवाएं शुरू की गई हैं और ई-संजीवनी के माध्यम से पीजीआईएमएस, रोहतक में टेली-कंसल्टेशन सेवाएं भी शुरू की गई हैं।

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में हरियाणा में मेडिकल, नर्सिंग, फिजियोथेरेपी और पैरामेडिकल शिक्षा की क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ स्वास्थ्य और मरीज सेवाओं के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर व्यापक जोर दिया गया है। भविष्य में इन प्रयासों को और आगे बढ़ाया जाएगा।