होशियारपुर (दलजीत अजनोहा):- संविधान दिवस के अवसर पर पंजाब भाजपा चुनाव मेनिफेस्टो कमेटी के चेयरमैन, पूर्व सांसद एवं पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अविनाश राय खन्ना ने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, नागरिकों के अधिकारों और राष्ट्रीय एकता का आधार स्तंभ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार संविधान की मूल भावना को मजबूत करने, नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करने और देश को औपनिवेशिक मानसिकता से मुक्त करने की दिशा में निरंतर ऐतिहासिक कदम उठा रही है।
खन्ना ने कहा कि भारत को 1950 में अपना संविधान मिल गया था, लेकिन इसके बावजूद दशकों तक देश में अंग्रेजों के शासनकाल में बनाई गई दंड संहिता लागू रही। मोदी सरकार ने भारतीय न्याय संहिता के माध्यम से आपराधिक न्याय व्यवस्था में व्यापक बदलाव करते हुए औपनिवेशिक सोच से बाहर निकलने और दंड के बजाय न्याय को प्राथमिकता देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। यह बदलाव आत्मनिर्भर, आधुनिक और नागरिक केंद्रित भारत की सोच को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों को भी विशेष महत्व दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत अभियान, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी से जुड़े अनेक अभियानों ने नागरिकों में अपने सामाजिक दायित्वों के प्रति नई चेतना पैदा की है। एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण तभी संभव है, जब प्रत्येक नागरिक अपने अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों का भी निर्वहन करे।
खन्ना ने कहा कि संविधान की रक्षा और लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती की बात करने वालों को देश के इतिहास का भी निष्पक्ष अध्ययन करना चाहिए। आजादी के बाद पहले संविधान संशोधन से लेकर आपातकाल के दौरान किए गए 42वें संविधान संशोधन तक, ऐसे अनेक उदाहरण हैं, जब तत्कालीन कांग्रेस सरकारों के फैसलों ने नागरिक स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वायत्तता को प्रभावित किया। पहले संविधान संशोधन के माध्यम से मौलिक अधिकारों पर लगाए गए प्रतिबंध और आपातकाल के दौरान संवैधानिक व्यवस्था में किए गए बदलाव इस बात की याद दिलाते हैं कि सत्ता से ऊपर संविधान और लोकतांत्रिक मर्यादाएं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि चुनी हुई राज्य सरकारों को बर्खास्त करने के लिए अनुच्छेद 356 का बार-बार इस्तेमाल भी भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का एक चिंताजनक पक्ष रहा है। कांग्रेस शासनकाल में इस संवैधानिक प्रावधान का अनेक बार राजनीतिक उद्देश्यों के लिए उपयोग किया गया। इसके विपरीत भाजपा का मानना है कि लोकतंत्र में जनता के जनादेश का सम्मान सर्वोपरि होना चाहिए और संवैधानिक संस्थाओं का इस्तेमाल राजनीतिक हितों के लिए नहीं होना चाहिए।
खन्ना ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 और 35-ए के कारण देश का संपूर्ण संविधान और नागरिकों को मिलने वाले अनेक अधिकार पूरी तरह लागू नहीं हो पाए थे। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़े वर्गों और महिलाओं को भी समान अधिकारों का लाभ मिलने में बाधाएं थीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2019 में अनुच्छेद 370 को हटाकर इस ऐतिहासिक असमानता को समाप्त करने की दिशा में निर्णायक कदम उठाया गया। अब जम्मू-कश्मीर भी देश के अन्य राज्यों की तरह भारतीय संविधान के प्रावधानों और अधिकारों के दायरे में है। यह राष्ट्रीय एकता, समानता और संवैधानिक समरसता की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।
उन्होंने कहा कि दशकों तक नक्सलवाद ने देश के आदिवासी और पिछड़े क्षेत्रों में विकास, शिक्षा, सुरक्षा तथा संवैधानिक अधिकारों के रास्ते में बाधाएं खड़ी कीं। मोदी सरकार ने सुरक्षा के साथ विकास और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक अभियान चलाया है। इससे प्रभावित क्षेत्रों में शांति, विकास और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
खन्ना ने संविधान दिवस पर देशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि संविधान दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का अवसर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने संवैधानिक मूल्यों, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक न्याय, सुशासन और नागरिक कर्तव्यों को मजबूत करने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। आज आवश्यकता है कि युवा पीढ़ी संविधान के इतिहास, उसके निर्माण और समय-समय पर उसमें हुए बदलावों का अध्ययन करे तथा लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए।
उन्होंने कहा कि संविधान देश का पथप्रदर्शक है और भाजपा सरकार का संकल्प है कि प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, न्याय और विकास के अवसर मिलें तथा भारत एक सशक्त, समरस और विकसित राष्ट्र के रूप में विश्व पटल पर अपनी पहचान और मजबूत करे।
