चंडीगढ़, 26 नवंबर (पैगाम-ए-जगत):- हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि 26 नवंबर का दिन हम सभी के लिए गर्व, सम्मान और आत्मचिंतन का अवसर है। आज एक ओर हम संविधान दिवस के अवसर पर भारतीय लोकतंत्र की गौरवशाली परंपराओं और संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर हरियाणा के गठन के 60 वर्ष पूरे होने पर प्रदेश की हीरक जयंती मना रहे हैं।
श्री कृष्ण कुमार बेदी आज संविधान दिवस और हरियाणा की हीरक जयंती के अवसर पर हरियाणा विधानसभा में आयोजित विशेष सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक अवसर हमें अपनी उपलब्धियों पर गर्व करने के साथ-साथ संवैधानिक जिम्मेदारियों को याद करने और आने वाली पीढ़ियों के लिए समृद्ध, सशक्त, सौहार्दपूर्ण तथा न्यायपूर्ण हरियाणा के निर्माण का संकल्प लेने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि 26 नवंबर, 1949 को भारत की संविधान सभा ने देश के संविधान को अंगीकार किया था। यह केवल एक ऐतिहासिक तारीख नहीं, बल्कि स्वतंत्र भारत के भविष्य की दिशा निर्धारित करने वाला महत्वपूर्ण क्षण था। उन्होंने कहा कि हमारा संविधान केवल शासन चलाने का कानूनी दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह देश की सामूहिक चेतना, राष्ट्रीय आकांक्षाओं और सामाजिक परिवर्तन का आधार है। संविधान प्रत्येक नागरिक को सम्मान के साथ जीवन जीने, समान अवसर प्राप्त करने और अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने का अधिकार प्रदान करता है।
मंत्री ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की विचारधारा हमें प्रेरणा देती है कि राजनीतिक लोकतंत्र की सफलता के लिए सामाजिक और आर्थिक लोकतंत्र को भी मजबूत करना आवश्यक है। संविधान की वास्तविक भावना तभी साकार होगी, जब समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी विकास के समान अवसर, न्याय, सम्मान और अधिकार प्राप्त होंगे। संविधान की सफलता इस बात से भी निर्धारित होती है कि उसमें दिए गए अधिकार जमीनी स्तर पर प्रत्येक नागरिक तक कितनी प्रभावी ढंग से पहुंच रहे हैं।
**छह दशकों में हरियाणा ने स्थापित की विशिष्ट पहचान**
श्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि हरियाणा ने अपने गठन के समय सीमित संसाधनों और अनेक चुनौतियों के बीच विकास यात्रा शुरू की थी। मेहनती किसानों, बहादुर जवानों, मजदूरों, उद्यमियों, खिलाड़ियों, महिलाओं, युवाओं और दूरदर्शी नेतृत्व के परिश्रम तथा संकल्प ने हरियाणा को देश के अग्रणी राज्यों में स्थान दिलाया है। इन छह दशकों में प्रदेश ने कृषि प्रधान राज्य से औद्योगिक, आर्थिक, तकनीकी और खेल शक्ति के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।
उन्होंने कहा कि हरित क्रांति के माध्यम से देश की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने से लेकर सीमाओं की रक्षा तक, अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में तिरंगे का गौरव बढ़ाने से लेकर औद्योगिक विकास और सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नए अवसर पैदा करने तक हरियाणा का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। हरियाणा की मिट्टी में मेहनत, पराक्रम, पुरुषार्थ और भाईचारे की भावना रची-बसी है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा की विकास यात्रा में वर्ष 2014 के बाद के 12 वर्षों का भी विशेष महत्व है। इस दौरान शासन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह, जन-केंद्रित और प्रौद्योगिकी आधारित बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
**अंत्योदय और सामाजिक न्याय सरकार की प्राथमिकता**
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' के मूल मंत्र के साथ आगे बढ़ रहा है। इसी भावना के अनुरूप हरियाणा में पूर्व मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल और वर्तमान मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में अंत्योदय, सामाजिक न्याय, समान अवसर, सुशासन और सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता दी गई है।
उन्होंने कहा कि 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' अभियान, स्वयं सहायता समूहों, लखपति दीदी योजना और पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने जैसे प्रयासों ने महिला सशक्तिकरण को नई दिशा दी है।
**युवाओं से संविधान के आदर्शों और नागरिक कर्तव्यों को आत्मसात करने का आह्वान**
श्री कृष्ण कुमार बेदी ने युवा पीढ़ी से आह्वान किया कि वे संविधान के आदर्शों, स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और नागरिक कर्तव्यों का अध्ययन करें। उन्होंने कहा कि युवाओं को प्रश्न पूछने, तर्क करने और सत्य की खोज करने की वैज्ञानिक सोच विकसित करनी चाहिए तथा ज्ञान, कौशल, अनुशासन और सेवा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि एक जनप्रतिनिधि के रूप में हमारी जिम्मेदारी केवल अपने चुनाव क्षेत्र की समस्याएं उठाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी है कि सरकार की योजनाओं और नीतियों का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 में जब भारत स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरे करेगा, तब तक विकसित भारत के निर्माण में हरियाणा की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
उन्होंने संकल्प व्यक्त किया कि हमें ऐसा हरियाणा बनाना है, जहां जातिगत भेदभाव के स्थान पर सामाजिक सद्भाव हो, अभाव के स्थान पर अवसर हों और निराशा के स्थान पर आत्मविश्वास हो।
**कांग्रेस ने बाबा साहेब को उचित सम्मान नहीं दिया – बेदी**
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन से जुड़े पांच महत्वपूर्ण स्थानों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित करने का कार्य किया है। इनमें उनकी जन्मभूमि महू, शिक्षाभूमि लंदन, दीक्षाभूमि नागपुर और चैत्यभूमि मुंबई शामिल हैं। इसके अलावा दिल्ली के अलीपुर रोड स्थित उस स्थान को भी भव्य संग्रहालय के रूप में विकसित किया गया है, जहां बाबा साहेब ने अपने जीवन की अंतिम सांस ली थी।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहेब को उनके जीवनकाल में भी उचित सम्मान नहीं दिया और उनके निधन के बाद भी उनके योगदान को वह मान्यता नहीं दी, जिसके वे हकदार थे। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब को भारत रत्न भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदान किया गया।
उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस के नेता संविधान की पुस्तक लेकर घूमते हैं, लेकिन संविधान का सम्मान केवल दिखावे से नहीं होता, बल्कि इसे अपने आचरण और विचारों में आत्मसात करना पड़ता है। संविधान हमारे दिलों में बसता है। भाजपा सरकार ने विधानसभा परिसर में बाबा साहेब की प्रतिमा स्थापित की और वर्ष 2023 में हाई कोर्ट में भी उनकी प्रतिमा स्थापित करने का कार्य किया।
श्री बेदी ने कहा कि अब तक संविधान में 106 संशोधन हुए हैं, जिनमें से 75 संशोधन कांग्रेस के शासनकाल में किए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के कार्यकाल में संविधान के अनुच्छेद 356 का 90 बार दुरुपयोग किया गया। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 और अनुच्छेद 35ए हटाने का ऐतिहासिक कार्य भी भाजपा सरकार ने किया।
मंत्री ने कहा कि बाबा साहेब ने महिलाओं और पुरुषों के काम के घंटों में समानता तथा समान वेतन के अधिकार की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किए थे। आज भाजपा सरकार महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की दिशा में काम कर रही है।
