चंडीगढ़, 26 नवंबर (पैगाम-ए-जगत):- हरियाणा के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोक निर्माण मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने आज हरियाणा विधानसभा में संविधान दिवस और हरियाणा की हीरक जयंती के अवसर पर आयोजित विशेष सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि संविधान केवल कागज के पन्नों पर लिखे कानूनों का दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह देश के लोकतंत्र की आत्मा और प्रत्येक नागरिक के अधिकारों, समानता, न्याय तथा स्वतंत्रता का आधार है। संविधान के आदर्शों को अपने आचरण और शासन व्यवस्था में लागू करना ही हमारा संकल्प होना चाहिए।

संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर और संविधान सभा के सभी महान सदस्यों को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा ने अपनी 60 वर्षों की गौरवशाली विकास यात्रा में कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़कों, सिंचाई, ऊर्जा और जन स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। प्रदेश के मेहनती किसानों, जवानों, मजदूरों और उद्यमियों ने हरियाणा को देश के अग्रणी राज्यों में स्थापित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

श्री गंगवा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पारदर्शिता, सुशासन और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। प्रदेश के मेहनती किसानों, जवानों, मजदूरों, उद्यमियों और सभी वर्गों के लोगों के योगदान के कारण आज हमारा हरियाणा देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है।


**देशों में देश हरियाणा, जहां दूध-दही का खाना**

हरियाणा ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, सड़क एवं परिवहन, कृषि, शिक्षा, सिंचाई, स्वास्थ्य और ऊर्जा सहित हर क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। जो हरियाणा कभी अनाज की कमी से जूझता था, आज वही देश के अनाज भंडार भर रहा है। आज प्रदेश के हर गांव तक बिजली, स्वच्छ पेयजल, सड़कों का मजबूत जाल और आधुनिक शिक्षा एवं चिकित्सा संस्थान पहुंच चुके हैं। बिना पर्ची-बिना खर्ची, केवल योग्यता के आधार पर दो लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। जहां एक ओर प्रदेश में पिछली सरकारों के दौरान भाई-भतीजावाद, क्षेत्रवाद और भ्रष्टाचार का बोलबाला था, जिसके कारण संविधान द्वारा दिए गए समान अवसरों के अधिकार का खुलेआम उल्लंघन होता था, वहीं प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार आने के बाद से बिना खर्ची, बिना पर्ची और योग्यता के आधार पर पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां मिलने लगी हैं।

उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रदेश में 30,809 किलोमीटर सड़कों का रखरखाव किया जा रहा है और 12 फुट चौड़ी सड़कों को 18 फुट चौड़ा करने का काम तेजी से जारी है। वहीं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के माध्यम से प्रदेश के 7,259 गांवों में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। सरकार का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के साथ-साथ जल संरक्षण और गंदे पानी के पुनः उपयोग को प्रोत्साहित करना है।

श्री गंगवा ने कहा कि अब तक 2,584 किलोमीटर सड़कों को 12 फुट से 18 फुट चौड़ा किया जा चुका है और शेष 656 किलोमीटर सड़कों को मार्च 2027 तक 18 फुट चौड़ा कर दिया जाएगा। अर्थात मार्च 2027 तक कुल 3,240 किलोमीटर सड़कों को 12 फुट से 18 फुट चौड़ा कर दिया जाएगा।

महिला सशक्तिकरण पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में एक-तिहाई प्रतिनिधित्व देने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। हरियाणा में पंचायतों में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान भी ग्रामीण लोकतंत्र में उनकी भागीदारी को मजबूत कर रहा है।

उन्होंने कहा कि आठ सूखा प्रभावित जिलों, अर्थात हिसार, फतेहाबाद, सिरसा, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी के ग्रामीण क्षेत्रों में प्रति व्यक्ति प्रतिदिन 70 लीटर पेयजल की आपूर्ति की जाएगी। महाग्राम गांवों में प्रति व्यक्ति प्रतिदिन 135 लीटर पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। कुल 157 गांवों को सूचीबद्ध किया गया है। इनमें से 29 गांवों में काम पूरा हो चुका है और 30 गांवों में काम प्रगति पर है। गांवों में भी शहरों की तर्ज पर सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।

मंत्री ने कहा कि संविधान दिवस हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों की भी याद दिलाता है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत और विकसित हरियाणा के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को दलगत भावना से ऊपर उठकर जनभागीदारी, सामाजिक सद्भाव, जल संरक्षण और संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करने में योगदान देना होगा।

अंत में उन्होंने प्रदेशवासियों से संविधान के मूल आदर्शों का सम्मान करने, लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत बनाने तथा राष्ट्र और प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।