करनाल/इंद्री, 13 अक्तूबर: हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि 2047 तक भारत को दुनिया का सबसे ताकतवर देश और विश्व गुरु बनाने का जो संकल्प लिया गया है, उसे पूरा करने में युवा पीढ़ी की महत्त्वपूर्ण भूमिका होगी। भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और जब युवा शक्ति किसी काम को करने की ठान लेती है तो वह जरूर पूरा होता है। 
 श्री ढांडा आज शहीद उधम सिंह राजकीय महाविद्यालय मटक माजरी (इंद्री) में आयोजित जोनल यूथ फेस्टिवल में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। विधायक एवं मुख्य सचेतक रामकुमार कश्यप ने बतौर विशिष्ट अतिथि शिरकत की। दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। शिक्षा मंत्री ने कहा कि आजादी के 100वें वर्ष यानी 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसे प्राप्त करने के लिए सरकार हर क्षेत्र में विभिन्न योजनाएं लागू कर उन्हें जमीनी स्तर तक पहुंचा रही है ताकि भारत का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा सके। इस दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी निरंतर कार्य कर रहे है।

 प्रतिभा निखारने में सहायक:
शिक्षा मंत्री ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम युवाओं की छिपी प्रतिभा को बाहर निकालने और उनकी झिझक को दूर करने में सहायक होते हैं। उन्होंने कहा कि भारत विश्व में विशिष्ट पहचान बनाता जा रहा है। जहां दुनिया के कई हिस्सों में गृह युद्ध चल रहे हैं, वहीं भारत पूरी दुनिया को शांति का संदेश देते हुए आर्थिक, सांस्कृतिक व सामाजिक रूप से समरसता के साथ ताकतवर बनने की ओर बढ़ रहा है।
इस अवसर पर विधायक रामकुमार कश्यप ने कहा कि यह सौभाग्य की बात है कि 25 साल बाद यह जोनल यूथ फेस्टिवल इंद्री के कॉलेज में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवा उत्सव में लगभग 80 कॉलेजों के प्रतिभागियों के लिए 5 मंच बनाए गए हैं, जहां विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उन्होंने प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि अपने हुनर सही उपयोग करके देश और प्रदेश के लिए उपलब्धियां हासिल कर सकते हंै।
इस अवसर पर एसडीएम अशोक मुंजाल, डीएसपी सतीश गौतम, मार्केट कमेटी के चेयरमैन इंद्री मोहिंद्र पंजोखरा, कुंजपुरा मंडी के दीपक सैनी, पार्षद सेठपाल वर्मा, भाजपा महामंत्री सुमित सैनी, नरेश प्रजापति, प्रिंसिपल डॉ. महेंद्र सिंह, मंडल अध्यक्ष संजय कांबोज, रमन सैनी, विजय कश्यप, अनिल दनियालपुर, राम मेहर संगोहा, संयोजक डॉ मीरा कश्पय, डॉ भारती, डॉ सुरेंद्र, डॉ राजकुमार, डॉ. रणवीर सिंह, प्रदीप भारती आदि मौजूद रहे।