नवांशहर, 30 अक्टूबर (जतिंदर पाल सिंह क्लेर):- सर्दियों के आगमन को देखते हुए जिला स्वास्थ्य विभाग, शहीद भगत सिंह नगर ने लोगों को अपनी सेहत के प्रति सचेत रहने की सलाह जारी की है।
सिविल सर्जन डॉ. अमन सूद ने जानकारी देते हुए बताया कि मौसम में बदलाव के दौरान बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना जरूरी है। तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां हो सकती हैं, इसलिए समय रहते सावधानियां बरतनी चाहिए।
डॉ. अमन सूद ने कहा कि छोटे बच्चों को मौसम के अनुसार उपयुक्त कपड़े पहनाए जाएं और उन्हें ठंड से बचाकर रखा जाए। बच्चों को पौष्टिक एवं संतुलित आहार देने के साथ-साथ उनकी व्यक्तिगत स्वच्छता का ध्यान रखना भी जरूरी है। माता-पिता को चाहिए कि बच्चों में बुखार, खांसी, सांस लेने में परेशानी या अन्य असामान्य लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकीय सलाह लेने में देरी न करें।
उन्होंने बुजुर्गों को भी सलाह दी कि वे ठंड से बचाव के लिए पर्याप्त कपड़े पहनें, शरीर को गर्म रखें और अपने दैनिक आहार एवं स्वास्थ्य का ध्यान रखें। जिन बुजुर्गों को पहले से कोई स्वास्थ्य समस्या है, वे अपनी निर्धारित दवाइयां समय पर लें और डॉक्टर की सलाह का पालन करें।
सिविल सर्जन ने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए हाथों की सफाई, साफ पानी का सेवन, पौष्टिक आहार और पूरी नींद बहुत महत्वपूर्ण हैं। खांसते या छींकते समय रूमाल या टिश्यू का इस्तेमाल किया जाए और बीमार होने की स्थिति में दूसरों के नजदीकी संपर्क से बचा जाए।
उन्होंने लोगों से अपील की कि बुखार, खांसी या सांस संबंधी परेशानी होने पर अपनी मर्जी से एंटीबायोटिक या अन्य दवाइयां न लें, बल्कि योग्य डॉक्टर की सलाह के अनुसार उपचार करवाएं। स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या को नजरअंदाज करने के बजाय समय पर इलाज करवाना ही बेहतर है।
