करनाल, 21 मार्च:- साई (भारतीय खेल प्राधिकरण) और फिट इंडिया की ओर से 21 से 23 मार्च तक फिट इंडिया कार्निवाल का आयोजन किया जा रहा है। आज सांय कालीन सत्र के दौरान विधायक जगमोहन आनंद ने बतौर मुख्य अतिथि दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर विधायक जगमोहन आनंद ने खिलाडिय़ों का आह्वान किया कि वे नशा जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहें और खेलों के प्रति अपना रूझान बढ़ाएं। 
उन्होंने कहा आज मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार द्वारा खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से नई-नई योजनाएं लागू की जा रही हैं जिनका खिलाडिय़ों को सीधा लाभ मिल रहा है।
जिला खेल अधिकारी राजबीर सिंह रंगा ने बताया कि फिट इंडिया कार्निवाल के प्रात: कालीन सत्र के दौरान एसडीएम करनाल प्रदीप कुमार ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए फिटनेस को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने पर बल दिया। कार्निवाल के शुभारंभ दिन प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। 
उन्होंने बताया कि पहले दिन विभिन्न फिटनेस एवं खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें योग, जुम्बा, रस्साकशी, वेटलिफ्टिंग तथा पारंपरिक खेल मल्लखंभ प्रमुख रूप से शामिल रहे। इन गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों में शारीरिक फिटनेस के प्रति जागरूकता को प्रोत्साहित किया गया। 
कार्यक्रम के प्रात: कालीन सत्र में लगभग 500 प्रतिभागियों की सक्रिय भागीदारी दर्ज की गई, जो कि कार्यक्रम की सफलता का परिचायक है।  कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जन-सामान्य में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना है। इस मौके पर सोनीपत से साई की कार्यकारी निदेशक रितु पाठक, सहायक निदेशक मीता भारद्वाज मौजूद रहीं।