रतिया, 29 जून :- पतंजलि योग समिति एवं भारत स्वाभिमान ट्रस्ट रतिया के तत्वावधान जिला प्रभारी धर्मवीर ललित के मार्गदर्शन में टिब्बा कॉलोनी स्थित श्री राम आश्रम शिव मंदिर के नवनिर्मित सभागार में आयोजित 20 दिवसीय सह-योग शिक्षक प्रशिक्षण शिविर के 19वें दिन महिला साधकों की उल्लेखनीय उपस्थिति ने शिविर को नई ऊर्जा प्रदान की।
वरिष्ठ महिला योग प्रशिक्षिका नीरु मेहता के सान्निध्य में साधकों ने योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विविध क्रियाओं का अभ्यास किया। उन्होंने प्रत्येक योग क्रिया के शारीरिक,मानसिक एवं आध्यात्मिक आयामों को सरल शब्दों में समझाते हुए योग को जीवन-शैली का अभिन्न अंग बनाने पर बल दिया।
अपने प्रेरक उद्बोधन में नीरु मेहता ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की वह अमूल्य धरोहर है,जो तन को निरोगी,मन को निर्मल और आत्मा को आलोकित करती है। कपालभाति की अग्नि शरीर के विकारों को भस्म करती है, सूर्य नमस्कार ऊर्जा का संचार करता है और शवासन मन को परम शांति की ओर ले जाता है। आज जब भागदौड़ भरी दिनचर्या मनुष्य को तनाव और अवसाद की ओर धकेल रही है,तब योग ही वह संजीवनी है जो जीवन में संतुलन,संयम और सकारात्मकता का दीप जलाती है।
उन्होंने युवा पीढ़ी का आह्वान करते हुए कहा कि मोबाइल और आभासी दुनिया के मोहजाल से बाहर निकलकर यदि हम प्रतिदिन कुछ पल योग को समर्पित करें, तो न केवल हम स्वयं स्वस्थ रहेंगे,बल्कि एक सशक्त और संस्कारवान समाज की नींव भी रख सकेंगे। उन्होंने सभी साधकों से अनुरोध किया कि वे योग को अपने घर-आंगन तक पहुंचाएं,क्योंकि स्वस्थ परिवार से ही स्वस्थ राष्ट्र का निर्माण संभव है।
शिविर में किरण मित्तल, सोनिया बंसल, किरण मंगला, स्वीटी जिंदल, सुनीता गर्ग, दर्शना, रजनी गर्ग, रजनी जिंदल, अंजना, सिमरन, निर्मला, वंदना, उपासना, मीनू, सीमा, रितु गोयल, निशा जिंदल, निशा गोयल, यश गोयल, सोनिया, नीलम, रानी, साक्षी, देवीलाल चंदौरा, संजीव गोयल सहित अनेक साधक भाई-बहनों ने पूर्ण समर्पण एवं उत्साह के साथ योगाभ्यास किया।
योग तनमन को निरोगी बनाकर जीवन में भरता है सकारात्मक ऊर्जा नीरु मेहता
