हांसी:– आम आदमी पार्टी ने हरियाणा प्रदेश में चल रही नगर पालिका, नगर परिषद व नगर निगम के कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल पर गहरी चिंता जताते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री नायब सैनी को अन्य इधर-उधर के फिजूल कार्य छोड़कर अपने प्रदेश को संभालना चाहिए। पिछले 12 दिनों से पूरे प्रदेश में लोग गंदगी से नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। पार्टी के राष्ट्रीय परिषद के सदस्य एवं हांसी जिला के प्रधान राजेंद्र  सोरखी ने प्रेस को जारी बयान में कहा है कि प्रदेश के हर जिला व तहसील में लगभग हर गली, मोहल्ला के साथ-साथ हर चौराहे पर भारी मात्रा में गंदगी की फैली हुई है। आसपास रहने वाले लोगों का जीना दुश्वार हो गया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री को अपने प्रदेश की बजाये पंजाब प्रदेश की ज्यादा चिंता रहती है।
इसी कारण वे सप्ताह में दो या तीन दिन पंजाब में जाकर वहां की जनता को नशा व अपराध मुक्त प्रदेश बनाने तथा अन्य लोक-लुभावने वायदों से बरगलाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि उनके अपने प्रदेश हरियाणा में नशे व अपराध का बोलबाला है। पंजाब की जागरूक व बहादुर जनता भाजपा को पहले भी आजमा चुकी है इसलिए अब भविष्य में भारतीय जनता पार्टी को सत्ता से दूर ही रखेगी। पंजाब में भगवंत मान की सरकार ने हर वर्ग के लिए जनहित में खूब कदम उठाए हैं जिनसे पंजाब की जनता अत्यंत खुश है।                
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की नजरंदाजी के चलते प्रदेश में अपराध निरंतर बढ़ रहे है। ऐसा कोई दिन खाली नहीं जाता, जिस दिन हर जिले में हत्या, लूटमार या अन्य तरह के गंभीर अपराध न होते हों। जब कभी अपनी जायज मांग को लेकर कोई भी वर्ग सड़कों पर उतरकर आंदोलन करता है तो पुलिस कर्मचारी उल्टा प्रदर्शनकारियों पर ही लाठीचार्ज, पत्थरबाजी अथवा संगीन धाराओं के तहत केस तक दर्ज कर देते हैं ताकि आम जनता की आवाज को दबाया जा सके और वह कोर्ट के चक्कर लगाती रहे। 
राजेंद्र सोरखी ने नगर पालिका, नगर परिषद व नगर निगम के हड़ताली कर्मचारियों का समर्थन करते हुए कहा कि सरकार को उनकी जायज मांगें तुरंत माननी चाहिए ताकि ठप्प पड़े सभी कार्यालयों का काम भी सुचारू रूप से शुरू हो सके तथा प्रदेश में बिगड़ी हुई सफाई व्यवस्था पर भी काबू पाया जा सके। मुख्यमंत्री को अपनी हठधर्मिता को छोड़कर अपने प्रदेश व प्रदेशवासियों के हितों की चिंता होनी चाहिए।