असंध/करनाल, 7 नवम्बर: राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' के 150वें गौरवशाली वर्षगांठ के उपलक्ष्य में शुक्रवार को जीवन चानन महिला महाविद्यालय, असंध में उपमंडल स्तरीय भव्य 'वंदे मातरम् स्मरणोत्सव'  कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विधायक योगेन्द्र राणा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
विधायक योगेन्द्र का किया स्वागत: 
 इस अवसर पर वहां उपस्थित जनसमूह ने माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  के राष्ट्रव्यापी लाइव संबोधन को सुना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रगीत को 'विकास और विरासत' का प्रतीक बताते हुए कहा कि "वंदे मातरम् आज़ादी के अमृत काल का सबसे बड़ा प्रेरणा स्रोत है।
 इस दौरान विधायक योगेन्द्र राणा ने  अपने ओजस्वी सम्बोधन से वहां उपस्थित जनसमूह में राष्ट्रभक्ति का अभूतपूर्व जोश भर दिया।
विधायक योगेन्द्र राणा ने अपने संबोधन में 'वंदे मातरम्' को केवल एक राष्ट्रगीत नहीं, बल्कि भारत की आत्मा और राष्ट्रीय प्राण बताया। उन्होंने पूरे जोश के साथ कहा कि "सुन लो दुनिया वालों! जब तक रगों में लहू है, हम 'वंदे मातरम्' गाना नहीं छोड़ेंगे!"  विधायक ने कहा कि आज़ादी की लड़ाई में इस गीत ने क्रांति की दहाड़ का काम किया, और हर क्रांतिकारी ने 'वंदे मातरम्' गाते हुए हँसते-हँसते फाँसी के फंदों को चूमा। इस राष्ट्रगीत ने स्वराज आंदोलन को नई दिशा और प्रेरणा दी। विधायक ने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि यह गीत हमें वीरता और बलिदान की याद दिलाता है, और आज इस उत्सव के माध्यम से हमें यह संकल्प लेना है कि हम सिर्फ़ 'वंदे मातरम्' नहीं गाते, बल्कि भारत माता की वंदना करते हैं और उनके गौरव के लिए हमेशा समर्पित रहेंगे। उनका पूरा संबोधन राष्ट्रभक्ति के उच्च भाव और जोश से भरा रहा, जिसने उपस्थित जनसमूह को देशभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया।
स्मृति चिन्ह भेंट किया:
इस अवसर पर एसडीएम असंध राहुल रईया , तहसीलदार नवजीत कौर बराड़, नगरपालिका चेयरपर्सन सुनीता रानी, बीडीपीओ प्रशांत कुमार, नायब तहसीलदार असंध राधेश्याम, डॉ बूटी राम, मार्केट कमेटी वाइस चेयरमैन रामवतार जिंदल, बृज टक्कर, रमेश बत्रा, अजय राणा, विनय राणा, एवं अन्य पार्टी कार्यकर्ता सहित अन्य  उपमंडल अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।