सरोआ:- आज पीर बाबा नूरे शाह जी की पवित्र दरगाह पर गांव सहूंगड़ा की पंचायत और समूह संगत के सहयोग से सालाना मेला आयोजित किया गया। इस मेले के दौरान विभिन्न कलाकारों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर संगत को निहाल किया। मेले के पहले दिन झंडा फहराने की रस्म अदा की गई। शाम के समय चिराग जलाए गए और कव्वाल अशरफ रवि के ग्रुप ने पीरों की शान में महफिल जमाई।
मेले के दूसरे दिन पंजाब के विभिन्न शहरों और गांवों से आए कलाकारों ने समां बांध दिया। इसमें जस्सा फतेहपुरिया, मंगत अली, सतनाम आलम व बीबा मंजीत आलम, सोनी सरोआ, प्रदीप म्यूजिक ग्रुप, देव विर्क व बीबा रीटा सिद्धू के बाद अंत में इंदर मान और बीबा शहनाज अख्तर की जोड़ी ने अपनी गायकी से मेला लूट लिया।
कुछ समय पहले इस दुनिया को अलविदा कह गए जसवीर सिंह विक्की के परिवार द्वारा संगत के लिए ठंडे मीठे जल की छबील और स्वर्गीय व्यापारी रतन सिंह कलेर के बेटों गुरप्रीत सिंह व अशोक कुमार द्वारा चाय-पकौड़ों का लंगर लगाया गया। दूर-दराज से पहुंची संगत के लिए प्रबंधन कमेटी द्वारा लंगर का आयोजन किया गया। इस मेले के दौरान सरपंच हरभजन सिंह के आग्रह पर वैद्य मनप्रीत सिंह आलोवाल और डॉ. सुरेश विज की टीम द्वारा फ्री मेडिकल कैंप भी लगाया गया, जिसका जरूरतमंद मरीजों ने पूरा लाभ उठाया।
इस मेडिकल कैंप में वैद्य मनप्रीत सूद आलोवाल, वैद्य बलविंदर सिंह पनाम और वैद्य हकीकत राय उपस्थित रहे। चौकीदार जगतार सिंह और उनकी टीम के नौजवान लड़कों ने संगत को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी। अंत में, सरपंच हरभजन सिंह सहूंगड़ा, प्रबंधन कमेटी और समूह संगत के सहयोग से मेला अगले साल फिर लगने की उम्मीद के साथ संपन्न हुआ।
पीर बाबा नूरे शाह जी सहूंगड़ा के मेले पर वैद्य मनप्रीत सूद की टीम ने फ्री मेडिकल कैंप लगाया
