फतेहाबाद, 6 जुलाई:- जिले को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे सामाजिक अभियान के तहत नशामुक्ति सेना द्वारा शहर के वार्ड नंबर 25 स्थित भाटिया नगर व प्रोफेसर कॉलोनी में ‘एक संवाद-नशे के खिलाफ’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य स्थानीय नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और समाज के सहयोग से युवाओं को इस लत से दूर रखना था। कार्यक्रम के दौरान नशामुक्ति सेना की टीम ने वार्डवासियों से बातचीत कर क्षेत्र में नशे की स्थिति और इससे प्रभावित बच्चों के बारे में जानकारी साझा की।
 संवाद कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के तौर पर पहुंचे नशामुक्ति सेना के संस्थापक भवानी सिंह ने सामाजिक दायित्वों पर जोर देते हुए कहा कि युवाओं और परिवारों के सुरक्षित भविष्य के लिए नई पीढ़ी को नशे से दूर रखना बेहद जरूरी है।
 इसके लिए समाज के हर व्यक्ति का सहयोग अपेक्षित है। उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे अपने आस-पास नशीले पदार्थों की बिक्री करने वाले तत्वों की सूचना बिना किसी डर के संगठन या प्रशासन को दें। उन्होंने आश्वस्त किया कि सूचना देने वाले किसी भी नागरिक का नाम और पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी, ताकि वे सुरक्षित महसूस कर सकें।
 चर्चा के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने वार्डवासियों को भरोसा दिलाया कि जो बच्चे या युवा भटककर नशे की गिरफ्त में आ चुके हैं, उन्हें सही राह पर लाना हमारी प्राथमिकता है। नशामुक्ति सेना ऐसे बच्चों की पहचान कर उनका उचित उपचार और काउंसलिंग करवाएगी, ताकि वे पूरी तरह स्वस्थ हो सकें। इसके बाद उन्हें दोबारा शिक्षा, खेलकूद और अन्य रचनात्मक सामाजिक गतिविधियों से जोडक़र समाज की मुख्यधारा में वापस लाया जाएगा।

*वार्ड स्तर पर बनेगी 11 सदस्यीय कमेटी*
भवानी सिंह ने बताया कि नशे के खिलाफ इस जमीनी लड़ाई को और व्यवस्थित करने के लिए जिले के प्रत्येक वार्ड में कमेटियों का गठन किया जा रहा है। इसी सिलसिले में जल्द ही वार्ड नंबर 25 में भी एक 11 सदस्यीय सामाजिक कमेटी का गठन किया जाएगा, जो स्थानीय स्तर पर जागरूकता फैलाने का काम करेगी। 
उन्होंने कहा कि यदि शासन, प्रशासन और आम जनता एकजुट होकर प्रयास करें, तो समाज को इस बुराई से पूरी तरह मुक्त कराया जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी वार्डवासियों ने हाथ उठाकर इस जागरूकता मुहिम में अपना हरसंभव सहयोग देने का संकल्प व्यक्त किया।
 इस अवसर पर पार्षद बंत सिंह, नशामुक्ति सेना के फतेहाबाद ब्लॉक अध्यक्ष ललित, अनिल सैनी, अजय खान मोहम्मद, अशोक रत्ताटिब्बा, सौरभ रत्ति, कपिल बोसवाल, महेंद्र मास्टर, धर्मपाल चावला, हवा सिंह, पुरुषोत्तम, अनिल ठाकुर, दीनू अशोक नगर, राजेश बिश्नोई, सुरजीत सिंह सहित काफी संख्या में वार्ड के प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।