खरड़:- भारतीय जनता पार्टी पंजाब के राज्य कोषाध्यक्ष सुखविंदर सिंह गोल्डी ने आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार पर तीखा निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता हासिल करने के लिए पंजाब की माताओं और बहनों को हर महीने ₹1000 देने का वादा किया गया था, लेकिन सरकार बनने के साढ़े चार साल से अधिक समय बीत जाने के बाद भी यह वादा आज तक पूरा नहीं हुआ है। यह पंजाब की महिलाओं के साथ किया गया सबसे बड़ा चुनावी धोखा है।
सुखविंदर सिंह गोल्डी ने कहा कि चुनावों के समय बड़े-बड़े दावे करने वाली आम आदमी पार्टी अब अपने ही वादों से मुकर चुकी है। उन्होंने कहा कि यदि हर योग्य महिला को ₹1000 प्रति माह दिए जाएं, तो सरकार को हर साल लगभग ₹21,472 करोड़ की आवश्यकता होगी। आज यह स्पष्ट हो गया है कि न तो सरकार के पास इस योजना के लिए वित्तीय प्रबंध है और न ही अपना वादा निभाने की इच्छा।
उन्होंने आरोप लगाया कि अब सरकार अपने वादे से लोगों का ध्यान हटाने के लिए लीपा-पोती की राजनीति कर रही है। चुनावों के समय हर महिला से किए वादे को पूरा करने के बजाय अब सीमित स्तर पर लाभ देकर अपनी नाकामी छिपाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी योजना का लाभ भेदभाव के आधार पर दिया जाता है, तो यह पंजाब की लाखों माताओं और बहनों के विश्वास के साथ खिलवाड़ है।
भाजपा नेता ने कहा कि पंजाब की माताओं और बहनों ने आम आदमी पार्टी पर भरोसा करके अपना कीमती वोट दिया था, लेकिन बदले में उन्हें केवल झूठे वादे और निराशा मिली। पंजाब की महिलाएं इस धोखे को कभी नहीं भूलेंगी और आने वाले समय में लोकतांत्रिक तरीके से इसका करारा जवाब देंगी।
सुखविंदर सिंह गोल्डी ने कहा कि यदि पंजाब सरकार अपने वादों के प्रति गंभीर है, तो बिना किसी भेदभाव के हर महिला को ₹1000 प्रति माह देने का वादा तुरंत लागू करे। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता अब वादे नहीं, बल्कि उनकी पूर्ति चाहती है।
पंजाब की माताओंबहनों के साथ किया धोखा कभी नहीं भूलेगी जनता सुखविंदर सिंह गोल्डी
