हांसी:- स्थानीय लोक निर्माण विभाग के विश्रामगृह में हरियाणा के लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने बुधवार को पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान विधायक विनोद भयाना तथा भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक सैनी भी मौजूद रहे।
पत्रकार वार्ता में कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि 25 जून 1975 को देश में लगाई गई आपातकाल भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का सबसे काला अध्याय था। उन्होंने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री ने सत्ता बचाने के लिए संविधान की मूल भावना को कुचलते हुए पूरे देश को इमरजेंसी की आग में झोंक दिया। उस दौरान विपक्ष के नेताओं को जेल में डाला गया, प्रेस की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाया गया और आम नागरिकों की आवाज दबाने का काम किया गया।
उन्होंने कहा कि इमरजेंसी के दौरान लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर किया गया और संविधान में कई ऐसे संशोधन किए गए जिनका उद्देश्य सत्ता में बैठे लोगों को लाभ पहुंचाना था। कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि यह इतिहास इसलिए याद रखना जरूरी है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने कहा कि आज कुछ राजनीतिक दल संविधान बचाने की बात करते हैं, जबकि उनके अपने इतिहास में संविधान की मर्यादाओं को तोड़ने के उदाहरण भरे पड़े हैं।
कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 25 जून को “संविधान हत्या दिवस” के रूप में याद किए जाने का निर्णय उन लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान में है जिन्होंने उस दौर में संघर्ष किया और जेल यातनाएं झेली।
पत्रकार वार्ता के दौरान चैनत गांव के पेयजल मुद्दे पर बोलते हुए कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने स्पष्ट किया कि सरकार की प्राथमिकता गांव को पर्याप्त और नियमित पेयजल उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि चैनत गांव को पानी की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि भाखड़ा नहर से पानी उपलब्ध करवाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है और इसके लिए स्वतंत्र जल आपूर्ति पाइपलाइन डाली जा रही है, बिजली के लिए अलग से व्यवस्था की जा रही है।
उन्होंने कहा कि अमरूत योजना के तहत मिलने वाला फंड केवल शहरी क्षेत्रों के लिए निर्धारित है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों के लिए जल जीवन मिशन के तहत कार्य किया जाता है। ऐसे में नीति के दायरे में रहते हुए ही चैनत गांव के लिए पेयजल समस्या का स्थायी समाधान तैयार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गांव में आरसीसी टैंक निर्माण का टेंडर भी जारी हो चुका है और जल्द ही कार्य शुरू होगा।
कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि कुछ विपक्षी  राजनीतिक दलों के लोग ग्रामीणों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं और गलत तथ्यों के आधार पर भ्रम फैलाया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे किसी के बहकावे में न आएं। उन्होंने कहा कि चनत गांव को पहले पानी उपलब्ध करवाया जाएगा और उसके बाद शहर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। 
उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि भाखड़ा नहर से हांसी शहर को पेयजल उपलब्ध करवाने को लेकर बिछाई जा रही पाइप लाइन में टी लगाने के मामले की जांच की जा रही है। जो व्यक्ति दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के हर नागरिक तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है और इस दिशा में निरंतर कार्य जारी है। इस अवसर पर विधायक विनोद भयाना के राजनीतिक सलाहकार दिनेश भूटानी ,भाजपा जिला महामंत्री धर्मवीर रतेरिया, मंडल अध्यक्ष तनुज खुराना,भाजपा पदाधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।