पटियाला, 4 अक्तूबर (मनप्रीत सिंह):- आज तर्कशील सोसायटी पंजाब की पटियाला इकाई ने आजाद नगर में तर्कशील नेता श्री हरबंस लाल के घर पर एक विशेष बैठक की। इस बैठक में अंधविश्वासों को दूर करके वैज्ञानिक विचारधारा को बढ़ावा देने के लिए गतिविधियों को और तेज करने हेतु कार्यक्रम तैयार किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता तर्कशील नेता श्री राम कुमार ढकड़बा ने की।

इस समारोह में तर्कशील नेता श्रीमती स्नेह लता, कुलवंत कौर, राम सिंह बंग, सरबजीत उखला, अजय कुमार, गुरपूर्णजीत सिंह और थाने सिंह आदि ने भाग लिया।

इस अवसर पर सभी सदस्यों ने केंद्र सरकार द्वारा वर्ष 2027 में होने वाली जनगणना के फार्मों में अन्य धर्मों के अलावा नास्तिकों के लिए ‘कोई धर्म नहीं’ का कॉलम शामिल न करने की निंदा की। भारतीय चुनाव आयोग द्वारा फार्म नंबर 6 में नए वोट बनाने के लिए माता-पिता की वोट होने की अनावश्यक शर्त जोड़कर लाखों मतदाताओं को परेशान करने की भी सोसायटी द्वारा निंदा की गई।

इस बैठक में तलवंडी सलेम में शहीद कवि पाश की यादगार को नुकसान पहुंचाने वाले गांव के सरपंच और उसके समूह की निंदा की गई तथा उनके विरुद्ध आपराधिक मामला दर्ज करने की सरकार से मांग की गई।

इस अवसर पर जोन के मीडिया प्रमुख राम सिंह बंग ने बताया कि सोसायटी पटियाला ने शहीद भगत सिंह के जीवन और संघर्ष से संबंधित करीब 700 पर्चे लोगों में बांटे हैं और पटियाला के स्कूलों में विद्यार्थी चेतना परीक्षा लेने से पहले तर्कशील कार्यक्रम आयोजित करने के लिए कार्यकर्ताओं की ड्यूटियां भी लगाई गई हैं।