होशियारपुर:- रयात बाहरा प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ मेडिकल रेडियोलॉजी एंड इमेजिंग टेक्नोलॉजी द्वारा विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर ब्रेस्ट एवं सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम को लेकर एक विशेष जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। यह सेमिनार वाइस चांसलर डॉ. चंद्र मोहन के दिशा-निर्देशों तथा विभाग प्रभारी डॉ. सुखमीत कौर बेदी के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
सेमिनार में फोर्टिस अस्पताल, मोहाली की वरिष्ठ गायनेको-ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. श्वेता तहलान ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में एचपीवी वैक्सीन की अहम भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने ब्रेस्ट कैंसर के शुरुआती लक्षणों, समय पर जांच तथा जागरूकता के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
डॉ. श्वेता तहलान ने कहा कि समय पर टीकाकरण, नियमित स्वास्थ्य जांच और सही जानकारी के माध्यम से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से काफी हद तक बचाव संभव है। उन्होंने युवाओं से समाज में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विभाग प्रभारी डॉ. सुखमीत कौर बेदी ने डॉ. श्वेता तहलान का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके द्वारा दी गई जानकारी विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी रही। उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक एवं स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है और इस प्रकार के सेमिनार समाज के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होते हैं। सेमिनार में अध्यापक, विद्यार्थी एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
रयात बाहरा प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में ब्रेस्ट व सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम पर विशेष जागरूकता सेमिनार
