फतेहाबाद,12 मार्च- शहीदी दिवस के पावन अवसर पर महाशक्ति चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा नशामुक्त समाज की स्थापना के संकल्प के साथ आयोजित होने वाले ‘नशे के खिलाफ एक विशाल यात्रा’ कार्यक्रम की तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं। 23 मार्च, सोमवार को होने वाले इस विशाल आयोजन को लेकर ट्रस्ट की टीमों ने पूरे जिले में जनसम्पर्क अभियान तेज कर दिया है। ट्रस्ट की टीमें गांव-गांव जाकर आमजन को इस मुहिम से जुडऩे और नशे की गर्त में जा रही युवा पीढ़ी को बचाने के लिए एकजुट होने का आह्वान कर रही हैं।
इसी कड़ी में आज ट्रस्ट के संस्थापक भवानी सिंह के नेतृत्व में टीम ने जिले के विभिन्न गांवों का दौरा किया। ट्रस्ट की टीम ने आज गांव खान मोहम्मद, ढाणी छतरियां, ढाणी ढाका, ढाणी ईसर, नूरकी अहली, कारियां, मुसेअहली, बनावाली, नकटा, खूनन, हांसपुर, भड़ोलांवाली, बहबलपुर, थेड़ी, सोत्तर भट्टू और नखाटिया में ग्रामीण सभाओं को संबोधित किया। इन सभाओं में ग्रामीणों का भारी समर्थन देखने को मिला।
ग्रामीणों, युवाओं और महिलाओं को संबोधित करते हुए ट्रस्ट के संस्थापक भवानी सिंह ने नशे के दुष्प्रभावों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि नशा आज एक ऐसी सामाजिक बुराई बन चुका है जो न केवल एक व्यक्ति के स्वास्थ्य को नष्ट करता है, बल्कि पूरे परिवार को आर्थिक और मानसिक रूप से बर्बाद कर देता है। उन्होंने कहा कि जब युवा पीढ़ी नशे की चपेट में आती है, तो देश का भविष्य अंधकारमय हो जाता है।
शहीदी दिवस पर हमारी यह यात्रा उन महान शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी, जिन्होंने एक स्वस्थ और सशक्त भारत का सपना देखा था। हमें मिलकर इस जहर को जड़ से मिटाना होगा। जनसम्पर्क के दौरान गांवों के युवाओं और महिलाओं में भारी उत्साह देखा गया। उपस्थित ग्रामीणों ने हाथ उठाकर यह संकल्प लिया कि वे न केवल महाशक्ति चैरिटेबल ट्रस्ट की इस मुहिम का हिस्सा बनेंगे, बल्कि अपने आस-पड़ोस के लोगों को भी जागरूक कर शहीदों के ‘नशामुक्त समाज’ के सपने को साकार करेंगे।
इस अवसर पर उनके साथ मोहन गढ़वाल सरपंच अकांवली, हरीश अकांवली, हेमराज सरपंच खान मोहम्मद, अजय पूर्व सरपंच खान मोहम्मद, विक्रम शेखावत, राजेश फूलभाटी ढाणी छतरीया, गुरदीप आयालकी सहित काफी संख्या में युवा मौजूद रहे।
नशे के खिलाफ एक विशाल यात्रा को लेकर जनसम्पर्क अभियान तेज ग्रामीणों ने शहीदों के नशामुक्त समाज के सपने को साकार करने का लिया संकल्प
