करनाल, 15 जून: विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी और सशक्त नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत ने आर्थिक स्थिरता, टैक्स राहत और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह अमृतकाल भारत को विश्व मंच पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कालखंड सिद्ध हो रहा है।
उन्होंने कहा कि करोड़ों नागरिक गरीबी के दुष्चक्र से बाहर आए हैं तथा आम परिवारों की आर्थिक क्षमता और जीवन स्तर में निरंतर सुधार हुआ है। जीएसटी सुधारों ने व्यापार और उद्योग को सरल, पारदर्शी एवं अधिक प्रतिस्पर्धी बनाया है। इससे उद्यमिता को नई ऊर्जा मिली है तथा रोजगार और निवेश के अवसरों का व्यापक विस्तार हुआ है। वहीं आधार, यूपीआई, डिजिलॉकर और उमंग जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म ने शासन व्यवस्था को तेज, पारदर्शी और जन-केंद्रित बनाकर सुशासन का नया मॉडल प्रस्तुत किया है।
उन्होंने कहा कि वंदे भारत ट्रेन, मेट्रो विस्तार, नमो भारत कॉरिडोर और उड़ान योजना के माध्यम से देश का बुनियादी ढांचा अभूतपूर्व गति से विकसित हुआ है, जिससे यात्रा अधिक सुरक्षित, सुगम और तेज बनी है।
आज का भारत विकास के साथ विकसित भारत के लक्ष्य की ओर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व ने भारत को विश्व पटल पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जगमोहन आनंद
