फतेहाबाद, 26 जून:- *ऑपरेशन जीवन ज्योति* के तहत जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत नशा पीड़ितों को उपचार से जोड़ने, उनकी नियमित काउंसलिंग करने तथा युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का अभियान लगातार जारी है।
इसी क्रम में नशा मुक्ति टीम फतेहाबाद के प्रभारी उपनिरीक्षक सुंदर के कुशल नेतृत्व में गांव बुर्ज में 04 तथा रतिया में 02 सहित कुल 06 नशा पीड़ितों को चिन्हित कर उनकी काउंसलिंग की गई। काउंसलिंग के उपरांत उन्हें आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं। इसके अलावा एक अन्य नशा पीड़ित को उपचार के लिए सीएचसी रतिया में दाखिल करवाया गया। वहीं पहले से उपचाराधीन मरीजों से भी मुलाकात कर उनकी काउंसलिंग की गई तथा उन्हें नियमित रूप से उपचार जारी रखने और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके अतिरिक्त रतिया स्थित वीआईसी कोचिंग सेंटर में आयोजित जागरूकता सेमिनार में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव, सामाजिक एवं पारिवारिक नुकसान तथा इससे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया।
वहीं नशा मुक्ति अभियान टोहाना मंडल के अंतर्गत सहायक उपनिरीक्षक सज्जन कुमार के कुशल नेतृत्व में सरकारी अस्पताल टोहाना में उपचाराधीन नशा पीड़ितों से मुलाकात कर उनकी काउंसलिंग की गई। इस दौरान चिकित्सकों के साथ बैठक कर उपचार व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई। अभियान के तहत 10 नशा पीड़ितों का उपचार शुरू करवाया गया तथा 02 नए मरीजों को अस्पताल में दाखिल कराया गया। इसके अलावा पतंजलि विद्यापीठ, टोहाना में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में करीब 200 विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशा मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशे की लत से जूझ रहा है तो उसे उपचार एवं पुनर्वास के लिए प्रेरित करें, ताकि नशा मुक्त समाज के लक्ष्य को साकार किया जा सके।
ऑपरेशन जीवन ज्योति के तहत नशा मुक्ति अभियान को मिली नई गति 17 नशा पीड़ितों को उपचार से जोड़ा 200 से अधिक विद्यार्थियों को किया जागरूक
