हांसी:- गांव ढाणी सांकरी में वीरवार को शहीद राजबीर सिंह के 26 वे शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस आयोजन में क्षेत्र के युवाओं और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा मानव सेवा के इस पुनीत कार्य में अपनी भागीदारी निभाई।
रक्तदान शिविर में एसडीएम राजेश खोथ ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की । उनके साथ रक्तदान के लिए प्रेरित करने हेतु समाजसेवी और क्षेत्र के गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। एसडीएम ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है, जिससे जरूरतमंदों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक रक्तदान करने का आह्वान किया।
शिविर के दौरान हांसी के नागरिक अस्पताल की टीम तथा अग्रोहा मेडिकल कॉलेज की टीम के सहयोग से कुल 125 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। आयोजन के दौरान युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। एसडीएम राजेश खोथ ने और रक्त रक्तदाताओं को बेज लगाकर सम्मानित किया और आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सामाजिक आयोजन समाज में जागरूकता बढ़ाने और मानव सेवा की भावना को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि रक्तदान से न केवल किसी की जिंदगी बचाई जा सकती है, बल्कि यह स्वयं रक्तदाता के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है।
आयोजन समिति के सदस्यों ने सभी रक्तदाताओं और अतिथियों का धन्यवाद किया। इस अवसर पर यशवीर सिंह, मास्टर सुनील सिंह, दलबीर, सतवीर सांगवान सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
