हरोली/ऊना, 9 जून (राजवीर चोपड़ा):- टीबी मुक्त भारत अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से स्वस्थ खंड हरोली एवं सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा, हरोली के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम बीटन में विशेष निक्षय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर के दौरान कुल 117 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा 105 लैब जांचें एवं एक्स-रे सेवाएं प्रदान की गईं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों द्वारा मरीजों को निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श, दवाइयां एवं आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध करवाया गया।
शिविर में उपस्थित स्वास्थ्य टीम ने लोगों को क्षय रोग (टीबी) के लक्षणों, समय पर जांच के महत्व, उपचार की उपलब्ध सुविधाओं तथा बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही लोगों को टीबी रोग के प्रति जागरूक रहने और किसी भी संदिग्ध लक्षण की स्थिति में तुरंत जांच करवाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर डॉ. प्रदीप कुमार, रूचि, निहाल सिंह, मनीष, नितिन, धर्मपाल, सीएचओ प्रीति, आशा वर्कर्स एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। शिविर को सफल बनाने में स्थानीय ग्रामीणों का भी उल्लेखनीय सहयोग रहा।
ग्रामीणों ने सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा एवं स्वस्थ खंड हरोली द्वारा गांव स्तर पर उपलब्ध करवाई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से लोगों को अपने घर के निकट ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त हो रही हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे।
शिविर के समापन पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों से “टीबी हारेगा, देश जीतेगा” के संकल्प को साकार करने में सहयोग देने तथा टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने की अपील की।