करनाल, 06 सितंबर, 2026: हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष एवं घरौंडा के विधायक हरविंद्र कल्याण ने रक्तदाताओं का आह्वान किया कि रक्तदान महादान है, रक्तदान की दो बूंद से मुसीबत के समय किसी जरूरतमंद व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है। रक्तदाता भविष्य में भी राष्ट्रभक्ति व समाज सेवा के भाव से आगे बढ़ें और मानवता की भलाई के लिए आगे भी काम करते रहेंगे। अमर शहीद लाला जगत नारायण जी ने राष्ट्रभक्ति का रास्ता चुना, उनके समक्ष चुनौतियां आई, लेकिन वे घबराएं नही, इसलिए आज पूरा राष्ट्र उन्हें नमन कर रहा है। उन्होंने कहा कि उनके विचारों को आत्मसात कर आगे बढ़ें, इससे भावी पीढियां संस्कारित होंगी। उन्होंने शिविर में सहयोग करने वाली सामाजिक संस्थाओं की तारीफ की और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विकसित भारत-2047 का जो सपना है उसमें सहभागिता सुनिश्चित करें। वे अमर शहीद लाला जगत नारायण जी की पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में रविवार को सेक्टर-12 करनाल स्थित गोल्डन मूमेंट में आयोजित रक्तदान शिविर में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।
इस मौके पर हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण, विधायक जगमोहन आनंद, महाराणा प्रताप बागवानी विश्वविद्यालय करनाल के वाइस चांसलर प्रो. एस.के. मल्होत्रा, मेयर रेणू बाला गुप्ता, सरपंच एसोसिएशन करनाल के जिलाध्यक्ष चौधरी रतन सिंह, शहर की सभी सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों व विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों ने अमर शहीद लाला जगत नारायण जी की पुण्यतिथि पर आयोजित रक्तदान शिविर में चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उसके बाद रक्तदाताओं को बैज लगाए और प्रमाण पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। जिला नागरिक अस्पताल (हरियाणा स्वास्थ्य विभाग) के ब्लड बैंक की टीम ने शिविर में सेवा दी। वो कलम का सिपाही जिसने आजादी की इबारत लिखी, उसी महान स्वतंत्रता सेनानी अमर शहीद लाला जगत नारायण जी की पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में रविवार को सेक्टर-12 करनाल स्थित गोल्डन मूमेंट में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। रक्तवीरों ने रक्तदान कर भारत की आजादी के मतवाले और राष्ट्र की अखंडता के लिए प्राण न्योछावर करने वाले अमर शहीद को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की। रक्तवीरों ने ये पैगाम दिया कि शहादत मरती नहीं, लहू बनकर नसों में बहती है। हर बूंद के साथ एक ही सदा गूंज रही थी कि लालाजी अमर हैं और उनकी सोच आज भी हर धडक़ते दिल में जिंदा है।
हरविंद्र कल्याण ने कहा कि शहीदों के सपनों को जिंदा रखने का नाम है रक्तदान। अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते समय जब भी देशभक्ति के लिए शहादत का जिक्र होता है तो लाला जगत नारायण जी का नाम महान स्वतंत्रता सेनानियों की आग्रणी सूची में शामिल पाया जाता है। उनकी पुण्यतिथि पर उनको नमन करते हुए यह समाचार पत्र समूह हर वर्ष रक्तदान शिविर लगाकर यह पुण्य कार्य करता है। कल्याण ने कहा कि वे बचपन से ही अखबार पढ़ते रहे हैं। दानी सज्जनों की सूची कॉलम को पढक़र तो सभी को सामाजिक कार्यों की प्रेरणा मिलती है।
विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि आतंकवाद के काले दौर में लाला जगत नारायण जी की लेखनी नहीं थमी। इस समाचारपत्र समूह ने निर्भीक एवं स्वतंत्र पत्रकारिता से एक मुकाम हासिल किया। जब एमरजेंसी लगी तो ट्रैक्टर से जनरेटर चलाकर प्रिंटिंग मशीनें थमने नहीं दी। अखबारें छपी और आतंकवाद का डटकर विरोध किया। इस परिवार ने देश के लिए जो बलिदान और शहादत दी उसे नमन करते हुए आज युवा रक्तदान कर पुण्य कार्य कर रहे हैं।
सामाजिक संस्था निफा, अग्रवाल सभा सेक्टर-7, जन कल्याण युवा मंच, लक्ष्य जनहित सोसाइटी, मां झंडेवाली सेवा समिति, मानवता जनशक्ति फाउंडेशन, नीड ब्लेसिंग्स नोट मनी, रेड रिबन युवा क्लब, एंटी क्रप्शन फाऊंडेशन ऑफ इंडिया, रक्तदाता कपिल किशोर, गोकर्ण गोसेवा, मानव केयर संस्थान, समाजसेवी पंकज गाबा, एच.एस.ई.बी वर्कर्स यूनियन, मेडिकल लैब टेक्नॉलिजिस्ट सोसाइटी, भारत माता प्रतिमा वेलफेयर सोसाइटी, सुरेंद्र त्यागी, डॉ राजेश आनंद, आदि शक्ति मां झंडेवाली सेवा समिति, संदीप सचदेवा, रोहित मल्होत्रा, ओजल्या चैरिटेबल ट्रस्ट, अपना आशियाना, अशोक वर्मा, हैप्पी टू हैप्पीनेस, सारस्वत ब्राह्मण सभा सेक्टर-8 करनाल व मानव अभिनंदन जनकल्याण समिति ने शिविर में सहयोग किया। ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. संजय वर्मा, तकनीकी अधिकारी डॉ. राजकुमार, नर्सिंग आफिसर प्रदीप, सेवानिवृत्त सीनियर तकनीकी अधिकारी जगदीप अरोड़ा की टीम ने रक्त एकत्रित किया। शहर के प्रमुख समाजसेवी रजनीश चोपड़ा ने मंच संचालन किया। उज्ज्वल डोनर्स क्लब के अध्यक्ष संदीप सचदेवा ने रक्तदाताओं का पंजीकरण किया। रक्तदाता कपिल किशोर ने 85वीं बार व ज्ञान भूषण शर्मा ने 37वीं बार रक्तदान कर युवाओं को प्रेरित किया।
वरिष्ठ अधिवक्ता नरेश बराना, भाजपा नेता अरविंद मान, समाजसेवी कुंदनलाल लखनपाल, नरेंद्र अरोड़ा, भारतीय स्टेट बैंक के सेवानिवृत्त ए.जी.एम. वाई.एस. कौशिक, वरिष्ठ भाजपा नेता अशोक खुराना, अमित आहुजा, अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष रजनीश चौधरी, औजल्य चेरिटेबल ट्रस्ट की अध्यक्ष शैलजा व सदस्य फिरदौस अली, जोगिंद्र रांवर, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव रमेश सैनी, पंकज गाबा, राजीव कुमार, हरियाणा पत्रकार संघ के जिलाध्यक्ष राजकुमार प्रिंस, वरिष्ठ पत्रकार मनोज ठाकुर, हरियाणा विधानसभा के पी.आर.ओ. संदीप साहिल, वरिष्ठ पत्रकार सोमदत्त शर्मा, अनिल भारद्वाज व रमेश सरोय ने स्वतंत्रता सेनानी को श्रद्धासुमन अर्पित किए।