हरोली/ऊना, 6 जुलाई (राजवीर चोपड़ा):- पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन तथा प्रयास सोसायटी के सहयोग से संचालित सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा, हरोली ग्रामीण क्षेत्रों में निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी कर रही है।
इसी कड़ी में ग्राम पंचायत बाथू में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 67 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जबकि 35 लोगों की निःशुल्क लैब जांच की गई। मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श, आवश्यक दवाइयां तथा स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी प्रदान की गई।
शिविर के दौरान स्वास्थ्य टीम ने बरसात के मौसम में फैलने वाली बीमारियों से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। ग्रामीणों को स्वच्छ एवं उबला हुआ पानी पीने, भोजन को ढककर रखने, हाथों की नियमित सफाई करने, घर के आसपास जलभराव न होने देने तथा मच्छरों से बचाव के लिए पूरी बाजू के कपड़े पहनने और साफ-सफाई बनाए रखने की सलाह दी गई। साथ ही बुखार, दस्त, खांसी या किसी भी प्रकार के संक्रमण के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया गया।
शिविर के सफल आयोजन में आशा कार्यकर्ताओं और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने वाली टीम में डॉ. प्रदीप कुमार, रूचि, निहाल सिंह और मनीष शामिल रहे। टीम ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक उपचार एवं परामर्श उपलब्ध कराया।
स्थानीय ग्रामीणों ने सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को उनके घर के निकट निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का भी प्रभावी माध्यम बन रही है।
सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा इलाज के साथ स्वास्थ्य जागरूकता पर भी जोर बाथू में 67 मरीजों की जांच
