हांसी:– विधायक विनोद भयाना ने वीरवार को हिसार इंदौर रेलगाड़ी का हांसी में ठहराव का शुभारंभ किया और इसके बाद इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रेलगाड़ी का हांसी रेलवे स्टेशन पर पहुंचने पर सवार यात्रियों तथा रेलगाड़ी के चालक दल पर पुष्प वर्षा कर जोरदार स्वागत किया गया। क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने।
    विधायक विनोद भयाना इस लंबी दूरी की रेलगाड़ी के हांसी में ठहराव होने से गदगद नजर आए। 
इस दौरान उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज हांसी की जनता की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी शैणवी को पत्र लिखकर कई लंबी दूरी की ट्रेनों का ठहराव तथा नई ट्रेन चलाने का अनुरोध किया गया था। अब इसके परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूरा विश्वास है कि बहुत ही जल्द मांग के अनुरूप दूसरी लंबी दूरी की ट्रेनों का ठहराव तथा नई ट्रेनों का संचालन होना शुरू हो जाएगा। इंदौर हिसार एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव होने से  मथुरा, वृंदावन तथा उज्जैन जाने वाले यात्रियों को  फायदा मिलेगा। पहले यात्रियों को दिल्ली से ट्रेन बदलकर मथुरा वृंदावन तथा उज्जैनआदि धार्मिक स्थानों पर जाना पड़ताथा। अब यात्री सीधे इन स्थानों पर जा सकेंगे। जिससे समय एवं धन की बचत होगी।
विधायक ने बताया कि हिसार इंदौर एक्सप्रेस ट्रेन हिसार से सप्ताह में 3 दिन चलेगी। हिसार से चलने का समय दोपहर बाद 1:20 पर निर्धारित किया गया है, इसके बाद यह ट्रेन हांसी रेलवे स्टेशन पर ठहराव करती हुई अगले दिन करीब सुबह 7 बजे इंदौर पहुंचेगी।
विधायक विनोद भयाना ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा के बजट में हांसी को मॉडल जिला बनाने की घोषणा की है। जिसके 
फलस्वरुप हांसी का और तेजी से विकास होगा। उन्होंने कहा कि 18 करोड रुपए की राशि से हांसी रेलवे स्टेशन का विस्तार किया जा रहा है। यहां सभी आधुनिक सुविधाएं यात्रियों को उपलब्ध होगी और बहुत ही जल्द यह रेलवे स्टेशन जंक्शन का रूप धारण करेगा।
इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन प्रतिनिधि विनोद सैनी, बक्शी ठकराल, तनुज खुराना,जगदीश भाटिया, अशोक ढालिया, मदन पाहवा, प्रवीण खटीक ,रमेश मदान, किशोरी लाल नागपाल, सुखविंदर जाखड़ ,बलदेव आनंद, सरोज बाला, अशोक इलाहाबादी ,प्रेम वर्मा, राकेश मदान, विधायक के निजी सचिव रवि अरोड़ा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।