हांसी:–इस वर्ष हुई भारी बरसात के दौरान जल निकासी को लेकर व्यापक प्रबंध करवाने तथा गांव के विकास  में उत्कृष्ट  सहयोग करने पर मेहंदा गांव के ग्रामीणों ने विधायक विनोद भयाना का भव्य स्वागत किया। ग्रामीणों ने देसी घी से बने लड्डुओं से तोलकर विधायक का अभिनंदन किया और पूरे गांव में यह लड्डू वितरित किए।
गांव के सरपंच वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि इस वर्ष भारी बारिश  के चलते गांव और खेतों में 5 से 6 फुट तक पानी भर गया था, जिससे पूरे गांव को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ऐसी चुनौतीपूर्ण स्थिति में विधायक विनोद भयाना ने दिन-रात सहयोग करते हुए गांव की समस्याओं को प्राथमिकता से हल करवाया। ग्रामीणों की हर मांग पर तत्काल कार्रवाई करवाई गई । विधायक दिन- रात गांव पहुंचकर खुद हालात का जायजा लेते रहे।
सरपंच ने बताया कि पानी निकासी में 6 महीने लग सकते थे, लेकिन विधायक के प्रयासों से केवल एक माह में ही पूरा पानी निकल गया। जल निकासी हेतु कई पंप सेट, मोटरें तथा अस्थाई नाले बनवाए गए। इसके अलावा विधायक मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को भी गांव लेकर आए, जिन्होंने जल निकासी व्यवस्था के लिए 21 लाख रुपए की घोषणा की।
विधायक विनोद भयाना ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि मेहंदा मेरा अपना गांव है और यहां के लोगों का आशीर्वाद सदैव मेरे साथ रहा है। गांव के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी और ग्रामीणों की हर मांग को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। कोई भी कार्य हो, बेझिझक कहें, हर काम जल्द से जल्द पूरा किया जाएगा। उन्होंने निर्माणाधीन कार्यों को तेजी से पूर्ण करने और गांव में नए विकास कार्य प्रारंभ करवाने के निर्देश भी दिए।
सम्मान समारोह सामूहिक सहयोग से आयोजित किया गया। पूर्व सरपंच दरिया सिंह जांगड़ा ने पूरे गांव की ओर से विधायक को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर संदीप भारद्वाज, ब्लॉक समिति अध्यक्ष प्रतिनिधि सुभाष यादव, मदन पाहवा, रामनिवास कौशिक,प्रदीप बिसला,बिल्लू नैन,गौरव पाहवा, सुनील बिसला, सुरेंद्र, मास्टर सुनहरा सिंह, चरत नायक, कृष्ण बिसला, मनजीत ग्राम पंचायत सदस्य , राजेंद्र रोहिल्ला ग्राम पंचायत सदस्य, विनोद बिसला, राजेंद्र बिसला, उमेद घनघस, बलजीत भारद्वाज, दयानंद भयाना, राकेश मदान ,विधायक के निजी सचिव रवि अरोड़ा तथा अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।