हांसी:– विधायक विनोद भयाना ने वीरवार को राजकीय महाविद्यालय में लगभग 61 लाख रुपए की लागत से बने बूस्टिंग स्टेशन का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता संजीव त्यागी तथा क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
विधायक विनोद भयाना ने इस अवसर पर उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि इस बूस्टिंग स्टेशन के बनने से शहर की जगदीश तथा हनुमान कॉलोनी में रहने वाले 5000 लोगों को पर्याप्त स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा। इन दोनों कॉलोनी के 1500 घरों के पेयजल कनेक्शन इस बूस्टिंग स्टेशन से जोड़े गए हैं।
विधायक ने कहा कि जगदीश तथा हनुमान कॉलोनी में रहने वाले नागरिक अलग से बूस्टिंग स्टेशन बनवाने की मांग काफी दिनों से कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज बूस्टिंग स्टेशन के उद्घाटन के साथ ही लोगों की यह मांग पूरी हो गई है। उन्होंने कहा कि नवनिर्मित बूस्टिंग स्टेशन में आधुनिक मशीनरी स्थापित की गई है ताकि लोगों को इसकी सुविधा लंबे समय तक उपलब्ध होती रहे।
विधायक ने कहा कि हांसी क्षेत्र में पेयजल की समस्या के स्थाई समाधान के लिए भाखड़ा नहर से पाइपलाइन बिछाने का कार्य प्रारंभ हो चुका है। इसी वर्ष गर्मी के मौसम में क्षेत्र के नागरिकों को भाखड़ा का पानी मिलना शुरू हो जाएगा। इस विकास परियोजना पर लगभग 80 करोड रुपए की राशि खर्च आएगी। 
इस अवसर पर मार्केट कमेटी के अध्यक्ष दिनेश धवन, विधायक के राजनीतिक सलाहकार दिनेश भूटानी, भाजपा मंडल अध्यक्ष तनुज खुराना, गोलू चावला, पार्षद बलवान सिंह, पार्षद दीपक मुंजाल, पार्षद सुनील मंत्री, पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष अशोक ढालिया, संदीप गुर्जर, एसडीओ विक्रम कुमार, सुभाष आर्य, गुलशन, विधायक के निजी सचिव रवि अरोड़ा तथा क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।