करनाल, 31 अक्तूबर: जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक शुक्रवार को पंचायत भवन में हरियाणा के जनस्वास्थ्य एवं लोक निर्माण (भवन व सड़कें) मंत्री रणबीर सिंह गंगवा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक के एजेंडे में पांच पुरानी और आठ नई शिकायतें शामिल थीं जिनमें से पांच का निपटारा कर दिया गया।
मंत्री रणबीर गंगवा ने इस मौके पर अधिकारियों से कहा कि वे लोगों की समस्याओं को निपटाने में अनावश्यक देरी न करें। जल्द से जल्द आमजन की समस्याओं का निपटारा किया जाए। ऐसा रवैया कतई न हो कि जब कोई शिकायत कष्ट निवारण समिति की बैठक में आए तो उसका समाधान कर दिया जाए, अन्यथा उसे लंबित रखा जाता है। यह कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में रामनगर करनाल के मनिन्द्र की फर्जी राशन कार्ड के आधार पर राशन हड़पने की शिकायत पर उपमंडल अधिकारी (नागरिक) ने बताया कि जांच में सात लोगों को कम राशन देने का पता चला है। वर्ष 2018-19 व उसके बाद का डाटा विभाग के पास उपलब्ध न होने के कारण इस संबंध में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले निदेशालय चंडीगढ़ के साथ पत्राचार किया गया था।
मुख्यालय ने जनवरी 17 से दिसंबर 2022 तक के राशन कार्ड/ परिवार विवरण, आधार कार्ड, मोबाइल नंबर आदि रिकार्ड को प्राप्त करने व अंतिम रिपोर्ट प्रस्तु करने के लिए 6 सदस्यों की टीम गठित की है। मामला अगली बैठक तक लंबित रख लिया गया। माडन टाउन निवासी कबीर सिंह सचदेवा की गली नंबर चार में नियमों को ताक पर रखकर चल रहे दो स्कूल के मामले में मंत्री ने शिक्षा अधिकारी को संबंधित दस्तावेजों की जांच के आदेश दिए हैं।
इंद्री के सतबीर सिंह ने शिकायत की थी कि अवैध पार्किंग के कारण उसे हुए आर्थिक नुकसान की भरपाई कराई जाए। इस पर मंत्री ने मामले को अगली बैठक के लिए लंबित रखते हुए कहा कि संबंधित अधिकारियों से इस बारे में विचार-विमर्श कर उचित निर्णय लिया जाएगा।
बंजर भूमि पर फसल दिखाकर सरकार को चूना लगाने संबंधी साम्भली निवासी बलराज शर्मा की शिकायत पर मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को अगली बैठक में पूरा ब्यौरा प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। गांव अलीपुर खालसा के रविंद्र ने शिकायत की कि फैक्टरियों का कैमिकल युक्त नाले में डाला जाता है। यह पानी ओवरफ्लो होने के कारण सडक़ व गलियोंं में जमा हो जाता है।
इस पर सुनवाई करते हुए मंत्री बीडीपीओ, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और शिकायत निवारण समिति के सदस्य की टीम को गांव का दौरा रिपोर्ट अगली बैठक में पेश करने के निर्देश दिए। बंसत विहार का अमन बैठक में न पहुंचने के कारण उनकी शिकायत लंबित रख ली गई है। गांव नारायणा के कृष्ण की शिकायत पर मंत्री ने खंड शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए की बच्चों की एसएलसी देरी के कारणों का पता लगा कर रिपोर्ट पेश की जाए।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सरकार पारदर्शिता से काम कर रही है। तीसरी पारी का एक वर्ष अभी पूरा किया है। अब तक 46 वादे पूरे किए जा चुके हैं। इस साल के अंत तक 90 वादे पूरे कर दिए जाएंगे। एक सवाल पर मंत्री ने युवाओं से अपील की कि वे डंकी रूट से विदेश न जाएं। वैध तरीकों का इस्तेमाल करें। उन्होंने बताया कि सरकार ने दस साल में किसानों को 15 हजार 465 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया है जबकि पिछले सरकारों में मामूली राशि के चैक देकर उनके साथ मजाक किया जाता था।
**हरियाणा दिवस की शुभकामनाएं:
मंत्री ने प्रदेशवासियों को हरियाणा दिवस की शुभकामनाएं दीं। अस्तित्व में आने के बाद हरियाणा ने काफी प्रगति की है। मुख्यमंत्री प्रदेश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए गंभीर हैं। उन्होंने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के सपने को साकार करने के लिए हरियाणा का योगदान भी उल्लेखनीय रहेगा।
एक अन्य प्रश्र पर कहा कि लाडो लक्ष्मी योजना के तहत कल से पात्र महिलाओं को 21 सौ रुपये महिलाओं को दिए जाएंगे। हर पात्र महिला को रजिस्ट्रेशन कराकर योजना का फायदा उठाना चाहिए।
इस मौके पर असंध के विधायक योगेंद्र राणा, उपायुक्त उत्तम सिंह, एसपी गंगाराम पूनिया, मेयर रेणुबाला गुप्ता, जिला भाजपा अध्यक्ष प्रवीण लाठर, सांसद प्रतिनिधि कविंद्र राणा और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
मंत्री रणबीर सिंह गंगवा की अफसरों को चेतावनी लोगों को न घुमाओ काम करो वरना
