हरोली/ऊना, 17 अप्रैल (राजवीर चोपड़ा):- हरोली विधानसभा क्षेत्र के गांव ललड़ी में सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा के तहत एक मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। यह कैंप सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में प्रयास सोसायटी द्वारा आशा वर्करों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से लगाया गया।
कैंप के दौरान डॉ. प्रदीप कुमार, लैब तकनीशियन रुचि कपिला और मनीष ठाकुर सहित मेडिकल टीम ने ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच की। इस अवसर पर भाजपा नेता धर्मेंद्र राणा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मेडिकल कैंप में 100 से अधिक ग्रामीणों की जांच की गई, जिन्हें निःशुल्क दवाइयां और चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। जांच के दौरान बीपी, शुगर, जोड़ों का दर्द, कोलेस्ट्रॉल सहित विभिन्न बीमारियों से संबंधित मरीज सामने आए। मेडिकल टीम द्वारा आवश्यक लैब टेस्ट भी किए गए और रिपोर्ट के आधार पर मरीजों को मुफ्त दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं।
डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा के अंतर्गत हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में अनुराग सिंह ठाकुर के दिशा-निर्देशों के अनुसार जिले की सभी पांचों विधानसभा क्षेत्रों में मोबाइल स्वास्थ्य वैन संचालित की जा रही हैं। ये टीमें प्रतिदिन अलग-अलग गांवों में पहुंचकर लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक माह के लिए गांव-वार पूर्व निर्धारित रोस्टर तैयार किया जाता है, जिसके अनुसार विभिन्न दिनों में अलग-अलग गांवों में जाकर लोगों की स्वास्थ्य जांच और उपचार किया जाता है। इससे ग्रामीणों को घर-द्वार पर ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।