होशियारपुर:- चब्बेवाल विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. ईशांक कुमार ने आज यहां महिलाओं की विशाल सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार ने अपनी एक और बड़ी गारंटी को पूरा करते हुए प्रदेश में 'मावां-धीआं सत्कार योजना' लागू कर महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया है।
चब्बेवाल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डॉ. ईशांक कुमार ने कहा कि महिलाओं के कल्याण के क्षेत्र में आज पंजाब के लिए एक ऐतिहासिक दिन है, क्योंकि राज्य सरकार ने महिलाओं से किया अपना वादा पूरा किया है। उन्होंने कहा कि 'मावां-धीआं सत्कार योजना' के तहत पात्र महिलाओं के बैंक खातों में अगले 24 घंटे के भीतर सम्मान राशि सीधे हस्तांतरित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा महिलाओं के खातों में तीन माह की सम्मान राशि एक साथ भेजी जा रही है। इसके तहत अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं के खातों में ₹4500, जबकि अन्य पात्र महिलाओं के खातों में ₹3000 जमा किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि लाभार्थियों को राशि जमा होने संबंधी मोबाइल संदेश भी प्राप्त होंगे। यह सम्मान राशि महिलाओं के आत्मसम्मान के साथ-साथ उनकी आर्थिक मजबूती को भी नई दिशा देगी।
डॉ. ईशांक कुमार ने कहा कि पंजाब सरकार का यह निर्णय ऐतिहासिक है, जिससे राज्य की लाखों महिलाएं लाभान्वित होंगी। उन्होंने बताया कि जो महिलाएं पहले से सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्त कर रही हैं, वे भी इस योजना का लाभ लेने की पात्र हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि चब्बेवाल विधानसभा क्षेत्र में अब तक 50,166 महिलाओं का पंजीकरण हो चुका है और उन्हें शीघ्र ही योजना का लाभ मिलेगा। सम्मान राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी तथा प्रदेश की 95 प्रतिशत से अधिक महिलाएं इस योजना से लाभान्वित होंगी।
उन्होंने उन महिलाओं से भी अपील की जिन्होंने अभी तक पंजीकरण नहीं कराया है कि वे जल्द से जल्द अपना पंजीकरण करवाएं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि देर से पंजीकरण कराने वाली पात्र महिलाओं को भी योजना का लाभ प्रारंभ से ही दिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि होशियारपुर जिले में कुल 1,78,776 महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलेगा। इनमें 1,12,799 सामान्य वर्ग तथा 65,977 अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाएं शामिल हैं। इनके खातों में अगले 24 घंटे के भीतर क्रमशः ₹33.84 करोड़ तथा ₹29.69 करोड़ की राशि हस्तांतरित की जाएगी। इस प्रकार जिले की महिलाओं को कुल ₹63.53 करोड़ की सम्मान राशि प्रदान की जा रही है।
डॉ. ईशांक कुमार ने बताया कि पूरे होशियारपुर जिले में चब्बेवाल विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक महिलाओं का पंजीकरण हुआ है। इसके लिए उन्होंने क्षेत्र में 'सखी' के रूप में कार्य कर रही महिलाओं की भी सराहना की।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का आभार व्यक्त करते हुए विधायक डॉ. ईशांक कुमार की भी मुक्तकंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि वे स्वयं को सौभाग्यशाली मानती हैं कि उनके विधायक हर सरकारी योजना का लाभ लोगों तक सबसे पहले पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करते हैं।
मावांधीआं सत्कार योजना लागू कर मान सरकार ने पूरी की एक और बड़ी गारंटी डॉ ईशांक कुमार
