हरोली/ऊना, 27 मई (राजवीर चोपड़ा):- नगर पंचायत क्षेत्र टाहलीवाल के रहने वाले 50 वर्षीय मदन लाल पिछले करीब 18 महीनों से पैरालाइज बीमारी से जूझ रहे हैं। जानकारी के अनुसार काम पर जाने से पहले अचानक घर पर ही उन्हें पैरालाइज का अटैक आया, जिसके बाद से वह लगातार बिस्तर पर हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी कमजोर हो चुकी है कि अब घर का गुजारा चलाना भी मुश्किल हो गया है।
बुधवार को वार्ड नंबर 6 के पार्षद अजय सहगल, वार्ड नंबर 4 के पार्षद राज कुमार, वार्ड नंबर 7 के पार्षद अनुवाला, अशोक कुमार राणा, हरीश कुमार, रिंकू सहगल और अच्छर सिंह खालसा ने मदन लाल के घर पहुंचकर परिवार का हाल जाना। इस दौरान पार्षद अजय सहगल ने मदन लाल को व्हीलचेयर भेंट की तथा हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। वहीं “सरबत का भला” संस्था से जुड़े रिंकू सहगल द्वारा परिवार को हर महीने राशन उपलब्ध करवाने की शुरुआत भी की गई। इसके अलावा मौजूद लोगों ने मिलकर आर्थिक सहायता भी प्रदान की।
मदन लाल की पत्नी सुषमा देवी ने बताया कि पति के इलाज के लिए उन्होंने कई अस्पतालों और डॉक्टरों के चक्कर लगाए, लेकिन अभी तक कोई राहत नहीं मिली। उन्होंने कहा कि परिवार की सारी जमा पूंजी इलाज में खत्म हो चुकी है और अब बच्चों की पढ़ाई व घर खर्च चलाना भी मुश्किल हो गया है।
सुषमा देवी ने बताया कि उनका बेटा और बेटी सरकारी स्कूल में पढ़ते हैं, लेकिन राशन कार्ड एपीएल श्रेणी में होने के कारण उन्हें कई सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा। उन्होंने कहा कि सहारा पेंशन के लिए एक वर्ष पहले आवेदन किया गया था, लेकिन आज तक पेंशन शुरू नहीं हो सकी।
उन्होंने यह भी बताया कि करीब एक साल पहले ऊना अस्पताल के डॉक्टरों द्वारा मदन लाल का 75 प्रतिशत दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी किया गया था, लेकिन अब नया प्रमाण पत्र बनवाने के नाम पर उन्हें बार-बार दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। एक तरफ मरीज की गंभीर हालत है और दूसरी ओर सरकारी प्रक्रियाओं ने परिवार की परेशानियां और बढ़ा दी हैं।
इस मौके पर पार्षद अजय सहगल व अन्य लोगों ने कहा कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों की सहायता करना समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रशासन और सरकार से मांग की कि मदन लाल के बेहतर इलाज और सहारा पेंशन की प्रक्रिया को जल्द पूरा कर परिवार को राहत प्रदान की जाए।