रतिया, 15 जुलाई:- लायन्स क्लब रतिया सिटी द्वारा समाज सेवा की अपनी निरंतर परंपरा को आगे बढ़ाते हुए आज कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, गांव खाई में छात्राओं के लिए रक्त समूह (ब्लड ग्रुप) जांच शिविर का आयोजन किया गया।
क्लब अध्यक्ष लॉयन गोपाल चंद कुलरियाँ ने बताया कि लायन्स क्लब रतिया सिटी पिछले 28 वर्षों से समाज के विभिन्न क्षेत्रों में जरूरतमंद लोगों की सेवा करता आ रहा है। उन्होंने कहा कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य छात्राओं का रक्त समूह ज्ञात कर उनका पहचान पत्र तैयार करना है, ताकि भविष्य में किसी भी चिकित्सकीय आपात स्थिति में तुरंत आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अनेक बालिकाओं का कम आयु में विवाह हो जाता है और मातृत्व के समय रक्त समूह की जानकारी उपचार में अत्यंत सहायक सिद्ध होती है।
विद्यालय के प्राचार्य अबनीश गर्ग ने विद्यालय की कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए बताया कि यहां अत्यंत गरीब, बेसहारा तथा अनाथ बालिकाओं को निःशुल्क शिक्षा, भोजन और छात्रावास की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। उन्होंने कहा कि छात्रावास की वार्डन छात्राओं की मां की तरह देखभाल करती हैं तथा उन्हें समय पर भोजन, शिक्षा और अनुशासित वातावरण प्रदान किया जाता है।
क्लब सचिव लॉयन सुखचरण दास अरोड़ा ने कहा कि विद्यालय की व्यवस्था देखकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हुई, वहीं यह जानकर दुख भी हुआ कि कुछ अभिभावक अपनी बेटियों के पालन-पोषण और शिक्षा की जिम्मेदारी नहीं निभा पाए। उन्होंने घोषणा की कि नवंबर माह में विद्यालय की सभी छात्राओं को उनकी ओर से जूते भेंट किए जाएंगे।
क्लब अध्यक्ष लॉयन गोपाल चंद कुलरियाँ ने भी घोषणा की कि लायन्स क्लब रतिया सिटी की ओर से सभी छात्राओं को जूतों के साथ-साथ जर्सियां भी वितरित की जाएंगी।
इस अवसर पर लॉयन पीएमजेएफ विपन बंसल ने विद्यालय के लिए ₹5,000 की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि आज 140 छात्राओं के ब्लड ग्रुप की जांच की गई।
विद्यालय परिसर में पहुंचने पर प्राचार्य अबनीश गर्ग, वार्डन मैडम महेशी,डॉक्टर नैब सिंह मंडेर एवं समस्त विद्यालय परिवार ने सभी लायन्स सदस्यों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन डॉक्टर नैब सिंह मंडेर ने किया। उन्होंने लायन्स क्लब रतिया सिटी की विभिन्न सामाजिक गतिविधियों की सराहना करते हुए आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी क्लब विद्यालय को इसी प्रकार सहयोग प्रदान करता रहेगा। प्रिंसिपल व स्टाफ ने प्रोजेक्ट चेयरमैन लायन हरीश कुमार, प्रोजेक्ट चेयरमैन लायन नरेश कुमार को एक-एक प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और क्लब को भी एक प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष लॉयन गोपाल चंद कुलरियाँ,  सचिव लॉयन सुखचरण दास अरोड़ा, कोषाध्यक्ष  पीएमजेएफ लायन विपन बंसल, रीजन चेयरमैन ऐमजेऐफ लॉयन प्रदीप बंसल, प्रोजेक्ट चेयरमैन लॉयन हरीश कुमार, प्रोजेक्ट चेयरमैन लॉयन नरेश कुमार, लॉयन डॉ. सोम चंद गोयल भारत विकास परिषद के भीष्म पितामह डॉक्टर जनक राज गोयल सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। इस शिविर में करण लैबोरेट्री टोहाना रोड रतिया ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।