हरोली/ऊना, 16 जुलाई (राजवीर चोपड़ा):- पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन तथा प्रयास सोसाइटी के सहयोग से संचालित सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा, हरोली के तहत ग्राम पंचायत एवं गांव ललहड़ी में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में 147 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जबकि 67 निःशुल्क लैब टेस्ट किए गए। मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श, आवश्यक दवाइयां तथा स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी निःशुल्क उपलब्ध कराई गई।
इस दौरान ग्रामीणों को बरसात के मौसम में होने वाली बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें स्वच्छ एवं उबला हुआ पानी पीने, साफ-सफाई बनाए रखने, मच्छरों से बचाव करने तथा डेंगू, मलेरिया और अन्य मौसमी संक्रमणों से बचने के उपायों की जानकारी दी गई।
शिविर में ग्राम प्रधान अंजना बाला, उपप्रधान रघुबीर, वार्ड पंच दर्शना, वीना, किरण, संयोगिता, कमलकांत एवं शल्लू देवी, आशा कार्यकर्ता ज्योति, राज एवं उषा, तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता चंचला देवी उपस्थित रहीं। सभी ने स्वास्थ्य शिविर के सफल आयोजन में सक्रिय सहयोग दिया और ग्रामीणों को अधिक से अधिक संख्या में स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
स्वास्थ्य शिविर में डॉ. प्रदीप कुमार, रूचि, निहाल सिंह एवं मनीष ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
स्थानीय ग्रामीणों ने सांसद अनुराग सिंह ठाकुर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा ग्रामीण क्षेत्रों में निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का एक प्रभावी माध्यम बन चुकी है।