चंडीगढ़, 29 जून - हरियाणा के लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि संत कबीर ने जीवन भर समाज को जोड़ने और अंधविश्वास को मिटाने का काम किया। वे ऐसे युगदृष्टा थे जिन्होंने जाति, धर्म और वर्ग से ऊपर उठकर मानवता का संदेश दिया। लोक निर्माण मंत्री रविवार को हिसार के संत कबीर छात्रावास में आयोजित संत कबीर साहिब के 627वें प्रकाशोत्सव समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। 
उन्होंने कबीर छात्रावास के लिए 21 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा भी की। उन्होंने संत करीर छात्रावास की व्यवस्था की भी सराहना की और आश्वासन दिया कि सरकार ऐसे संस्थानों को और मजबूत करने के लिए कदम उठाएगी, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर माहौल मिल सके। 
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चल रही है। राज्य सरकार द्वारा अब सभी महापुरुषों की जयंती सरकारी तौर पर मनाई जा रही है, जिससे समाज में एकता और जागरूकता का संदेश फैल रहा है। 
उन्होंने कहा कि डीएससी समाज के अधिकारों की रक्षा करना सरकार की प्राथमिकता है। अब समाज के युवाओं का सरकारी नौकरियों में बिना सिफारिश, बिना खर्चे के चयन हो रहा है। श्री रणबीर गंगवा ने कहा कि मुख्यमंत्री की नीतियों का ही परिणाम है कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से हजारों युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं। सरकार बिना खर्ची, बिना पर्ची के सिद्धांत पर काम कर रही है और युवाओं को उनकी मेहनत का फल दिया जा रहा है।
 उन्होंने कहा कि राज्य में किए जा रहे विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी तरीके से पूरा किया जा रहा है। सरकार सड़कों, भवनों और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के माध्यम से जलापूर्ति और सीवरेज प्रणाली का आधुनिकीकरण किया जा रहा है।