हरोली/ऊना, 10 अप्रैल (राजवीर चोपड़ा): मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के प्रयासों से जिला ऊना के हरोली क्षेत्र में प्रस्तावित बल्क ड्रग पार्क के 250 करोड़ रुपये के साइट विकास एवं अवसंरचना कार्यों के शिलान्यास को लेकर हरोली ब्लॉक इंडस्ट्री एसोसिएशन में उत्साह का माहौल है। उद्योग संगठनों ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना को प्रदेश के औद्योगिक भविष्य के लिए ऐतिहासिक कदम बताया है।
इंडस्ट्री एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश कौशल ने कहा कि लगभग 2000 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रहा यह बल्क ड्रग पार्क न केवल हिमाचल प्रदेश, बल्कि पूरे देश को फार्मास्यूटिकल क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। एक्टिव फार्मास्यूटिकल इंग्रीडिएंट्स (API) के निर्माण के लिए यह परियोजना भारत की विदेशी निर्भरता, विशेषकर चीन पर निर्भरता, को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा इस परियोजना को जनहित को प्राथमिकता देते हुए स्वयं संचालित करने का निर्णय उद्योगों के लिए विश्वास का संदेश है। केंद्र और राज्य सरकार की संयुक्त भागीदारी इस परियोजना को और मजबूती प्रदान करेगी।
उद्योग प्रतिनिधियों के अनुसार, इस परियोजना से लगभग 15,000 लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है, जिससे क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। कौशल ने कहा कि प्रस्तावित रेलवे कनेक्टिविटी, सड़क उन्नयन और अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाएं निवेश आकर्षित करने में सहायक सिद्ध होंगी।
इसके अतिरिक्त, पंजुआना में प्रस्तावित वर्किंग महिला हॉस्टल के निर्माण को भी उद्योग जगत ने सकारात्मक पहल बताया है, जिससे महिला कार्यबल की भागीदारी बढ़ेगी और उन्हें सुरक्षित आवास सुविधा उपलब्ध होगी।
उद्योग एसोसिएशन ने यह भी विश्वास जताया कि पर्यावरणीय मानकों का पालन करते हुए विकसित किया जा रहा यह औद्योगिक परिसर सतत विकास का उदाहरण बनेगा। अंत में, उद्योग जगत ने मुख्यमंत्री एवं राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए आशा जताई कि इस परियोजना से हिमाचल प्रदेश औद्योगिक क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएगा और ऊना जिला एक प्रमुख औद्योगिक हब के रूप में उभरेगा।
इस अवसर पर हरोली ब्लॉक इंडस्ट्री एसोसिएशन के महासचिव रोहित वर्मा सहित नागेंद्र सिंह, आर.सी. तनेजा, वीरेंद्र शर्मा, जयदीप जाधव, दीपक पुरी, सुरेंद्र शर्मा, बलजीत सिंह, किरण दीप सिंह और राजेश धीर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।