फतेहाबाद,30 जुलाई :- युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में वीरवार को एमएम कॉलेज, फतेहाबाद में जिला स्तरीय युवा प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। ‘माई भारत’ पहल के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उनकी रचनात्मक प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करना रहा। कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ रखा गया।
कार्यक्रम में महाशक्ति चैरिटेबल ट्रस्ट एवं नशामुक्ति सेना के संस्थापक भवानी सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि जिला युवा अधिकारी रीना केसरिया विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहीं। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. गुरचरण दास ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए आए हुए सभी अतिथियों का स्वागत किया।
प्रतियोगिताओं के दौरान आयोजित डिबेट में जिलेभर से आए विद्यार्थियों ने इस बात पर गहन चर्चा की कि आज का युवा नशे की गिरफ्त में क्यों जा रहा है और इससे बचने के लिए क्या कदम उठाए जाने चाहिए। विद्यार्थियों के विचारों से प्रभावित होकर मुख्य अतिथि भवानी सिंह ने कहा कि आज का युवा देश का भविष्य है और उनके भविष्य को सुरक्षित कर नशे से बचाना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि नशा दीमक की तरह हमारी युवा पीढ़ी को चाट रहा है। अगर युवा खुद जागेगा, नशे पर खुलकर चर्चा करेगा और नशा बेचने वालों का डटकर विरोध करेगा, तभी हमारा देश सुरक्षित रह पाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे आज यहां से संकल्प लेकर जाएं कि समाज, देश और अपने परिवार को बचाने के लिए इस अभियान में अग्रणी भूमिका निभाएंगे।
भवानी सिंह ने केंद्र सरकार की ‘माई भारत’ पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह की सरकार नशे के खिलाफ बेहद गंभीरता से काम कर रही है। ऐसे आयोजन युवाओं को सही दिशा देने और उनकी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान जिले भर के विभिन्न स्कूलों से आए विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में लोकगीत, समूह नृत्य, नुक्कड़ नाटक/स्किट, चित्रकला, वाद-विवाद एवं भाषण, शॉर्ट फिल्म/रील और स्लोगन लेखन जैसी विधाएं शामिल रहीं। नुक्कड़ नाटकों और रील्स के माध्यम से विद्यार्थियों ने नशे के दुष्प्रभावों को रेखांकित करते हुए नशा मुक्त समाज के निर्माण की अपील की।
इस अवसर पर डॉ. मीनाक्षी कोहली, राजेश बिश्नोई, गुरदीप अयाल्की, कृष्ण पारचा, विजय मोहन, सुमित, अमन भड़ोलांवाली, पवन बिश्नोई, संजय कुमार, साजन, माही माल्या भड़ोलावाली, आजाद भड़ोलांवाली, कुलदीप रंगा, धर्मबीर, पवन रंगा, अश्विनी गोदारा, देवेन्द्र सिंह गोदारा, मोहित बराड़, हरपाल, पवन, रोबिन मांझू, धर्मपाल सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
नशा दीमक की तरह युवा पीढ़ी को चाट रहा देश को सुरक्षित रखने के लिए सामूहिक लड़ाई जरूरी भवानी सिंह
