करनाल, 25 जनवरी:- जिला कांग्रेस कमेटी करनाल (शहरी) की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक का आयोजन जिला अध्यक्ष पराग गाबा की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में पार्टी संगठन के विस्तार, मजबूती और आगामी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर संगठनात्मक ढांचे को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से नवनियुक्त जिला उपाध्यक्षों के साथ-साथ दो जनरल सेक्रेटरी एवं चार सेक्रेटरी की औपचारिक घोषणा की गई।
बैठक के दौरान जिला अध्यक्ष पराग गाबा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की असली ताकत उसका जमीनी कार्यकर्ता है और संगठन को वार्ड से लेकर बूथ स्तर तक मजबूत किए बिना जनता से सीधा संवाद संभव नहीं है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर आम लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाएं और उनका समाधान कराने के लिए निरंतर प्रयास करें। बैठक में संगठनात्मक जिम्मेदारियों का स्पष्ट विभाजन करते हुए सभी चार उपाध्यक्षों को पाँच-पाँच वार्डों की जिम्मेदारी सौंपी गई।
इसके तहत वार्ड नंबर 1 से 5 की जिम्मेदारी उपाध्यक्ष बिंदर पोसवाल, वार्ड नंबर 6 से 10 की जिम्मेदारी उपाध्यक्ष दिलशेर सिंह डाचर, वार्ड नंबर 11 से 15 की जिम्मेदारी उपाध्यक्ष जोगिंदर वाल्मीकि तथा वार्ड नंबर 16 से 20 की जिम्मेदारी उपाध्यक्ष तरुण चौहान को दी गई। सभी उपाध्यक्षों को निर्देश दिए गए कि वे अपने वार्डों में मजबूत टीम तैयार करें, नियमित बैठकें करें तथा बूथ स्तर पर कमेटियों का गठन शीघ्र पूरा करें।
बैठक में बूथ स्तर पर कांग्रेस कमेटियों के गठन, पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने, युवाओं, महिलाओं और सामाजिक संगठनों को पार्टी से जोड़ने तथा जनता के बीच निरंतर संपर्क बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही आने वाले समय में जनसमस्याओं को लेकर आंदोलनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई।
इस अवसर पर जिला संगठन मंत्री ललित आहूजा ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को संगठनात्मक कार्यप्रणाली, अनुशासन एवं पार्टी की रीति-नीतियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समन्वय, निरंतर संवाद और सक्रियता के माध्यम से ही संगठन को नई मजबूती दी जा सकती है। बैठक में वरिष्ठ कांग्रेस नेता निश्चय सोही ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा आमजन की आवाज बनी है और वर्तमान परिस्थितियों में संगठन की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है।
वहीं मीडिया इंचार्ज एवं कोषाध्यक्ष संदीप महाजन ने संगठन की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुँचाने के लिए मीडिया प्रबंधन पर प्रकाश डाला। बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों ने एकजुट होकर कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत करने, जनता की समस्याओं के लिए संघर्ष करने तथा पार्टी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प लिया।
जिला कांग्रेस कमेटी की अहम संगठनात्मक बैठक आयोजित वार्ड से बूथ स्तर तक संगठन सशक्त करने पर जोर
