गढ़शंकर- पंजाब विधानसभा के डिप्टी स्पीकर और गढ़शंकर हलके के विधायक ने गांव फतेहपुर कलां में आयोजित 'लोक मिलनी' के दौरान ग्रामीणों से रूबरू होकर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके जल्द निपटारे के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर उन्होंने गांव के सर्वांगीण विकास के लिए कई अहम घोषणाएं करते हुए 22 लाख रुपये की लागत से खेल मैदान के नवीनीकरण का नींव पत्थर रखा। इसके साथ ही गांव के शेष विकास कार्यों को पूरा करने के लिए 10 लाख रुपये की अतिरिक्त ग्रांट देने की भी घोषणा की।
डिप्टी स्पीकर ने कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार गांवों के विकास को सबसे अधिक प्राथमिकता दे रही है। राज्य के हर गांव में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है ताकि लोगों को अपने गांवों में ही बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि सरकार की सोच सिर्फ घोषणाएं करने की नहीं, बल्कि हर घोषणा को जमीनी स्तर पर लागू करने की है। उन्होंने कहा कि खेल मैदानों का विकास समय की बड़ी मांग है। जब युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं मिलती हैं, तो वे खेलों की ओर प्रेरित होते हैं और नशों जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहते हैं। 22 लाख रुपये की लागत से तैयार होने वाला खेल मैदान गांव के युवाओं के लिए वरदान साबित होगा और उन्हें अपनी खेल प्रतिभा को निखारने के लिए उचित माहौल मिलेगा।
डिप्टी स्पीकर ने कहा कि 'लोक मिलनियों' का मकसद लोगों की समस्याओं को उनके दरवाजे पर जाकर सुनना और तुरंत हल करना है। उन्होंने बताया कि लोगों द्वारा रखी गई विभिन्न मांगों और मुद्दों को गंभीरता से सुना गया है और संबंधित विभागों को समय पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। गांव के शेष विकास कार्यों के लिए 10 लाख रुपये की अतिरिक्त ग्रांट की घोषणा करते हुए उन्होंने कहा कि गांव के विकास में किसी भी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि आवश्यकतानुसार अन्य विकास कार्य भी करवाए जाएंगे ताकि फतेहपुर कलां विकास के मामले में एक मिसाल बन सके।
ग्रामीणों ने डिप्टी स्पीकर का गर्मजोशी से स्वागत किया और उनका धन्यवाद करते हुए कहा कि सरकार द्वारा गांव के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों से लोगों में नया विश्वास पैदा हुआ है। उन्होंने कहा कि खेल मैदान के नवीनीकरण और अन्य विकास कार्यों से गांव की सूरत बदलेगी और युवाओं को खेलों के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, पंचायत सदस्य, समाजसेवी, आम आदमी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
डिप्टी स्पीकर ने फतेहपुर गांव में 22 लाख रुपये से किया खेल मैदान का नवीनीकरण और साथ ही जारी की 10 लाख रुपये की और ग्रांट
