हांसी:– डीसी राहुल नरवाल ने कहा कि वर्ष 2025 में कपास की फसल खराबे की मुआवजा राशि चालू मार्च माह के आखिरी सप्ताह तक संबंधित किसानों के बैंक खातों में डलवा दी जाएगी। 
डीसी राहुल नरवाल ने उक्त जानकारी स्थानीय जिला सचिवालय परिसर में आयोजित समाधान शिविर में नागरिकों की शिकायतों एवं समस्याओं को सुनते हुए दी। समाधान शिविर में एक व्यक्ति द्वारा कपास की फसल के खराबे की मुआवजा राशि उपलब्ध करवाने को लेकर शिकायत प्रस्तुत की थी। डीसी राहुल नरवाल ने जब इस संबंध में कृषि विभाग के अधिकारियों से पूछा तो उन्होंने बताया कि क्रॉप कटिंग एक्सपेरिमेंट का कार्य पूर्ण हो चुका है। अब बीमा कंपनी द्वारा आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करके जल्दी ही संबंधित किसानों के बैंक खातों में मुआवजा राशि उपलब्ध करवाई जाएगी। डीसी राहुल नरवाल ने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह संबंधित बीमा कंपनी से तालमेल बनाए रखते हुए किसानों के खातों में मुआवजा राशि डलवाने के कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाए ।
  कृषि विभाग के अधिकारियों ने यह भी बताया कि वर्ष 2025 में खराब हुई कपास की फसल का स्थानीय आपदा सर्वे का कार्य पूर्ण करके जिला के किसानों के बैंक खातों में 20 करोड़ 10 लाख मुआवजा राशि डाली जा चुकी है। 
डीसी राहुल नरवाल ने सेक्टर 6 से होकर अनाज मंडी की ओर जाने वाली सड़क पर स्ट्रीट लाइट लगवाने की मांग पर नगर परिषद के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह तुरंत मौका मुआयना कर लाइट लगवाने को लेकर उचित कार्यवाही करना सुनिश्चित करें।  इसी प्रकार से ढाणी पुरिया के एक सफाई कर्मी ने सैलरी दिलवाने की मांग की, डीसी राहुल नरवाल ने तुरंत संबंधित विभाग के अधिकारियों को मामले की जांच कर संबंधित कर्मी को सैलरी उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। 
 समाधान शिविर में ज्यादातर समस्याएं परिवार पहचान पत्र में वार्षिक आय दुरुस्त करवाने को लेकर प्रस्तुत की गई। 
इनके अलावा बुढ़ापा पेंशन, विधवा पेंशन बनवाने को लेकर भी आवेदन प्रस्तुत किए गए। डीसी राहुल नरवाल ने प्रस्तुत सभी शिकायतों का तेजी से समाधान करने के निर्देश दिए। सिसाय गांव निवासी राजकुमार ने मौके पर ही बुढ़ापा पेंशन बनवाने के लिए डीसी राहुल नरवाल का धन्यवाद भी किया। समाधान शिविर में नायब तहसीलदार सुरेश कुमार तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।