टाहलीवाल/ऊना, 2 अक्तूबर (राजवीर चोपड़ा):- दिवंगत प्रोफेसर सिमी अग्निहोत्री को लेकर भाजपा नेता अजय जोशी की ओर से की गई टिप्पणी के विरोध में हरोली में आवाज उठने लगी है। अधिवक्ता रणदीप ठाकुर ने टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए अजय जोशी से सार्वजनिक तौर पर माफी मांगने की मांग की है। उन्होंने कहा कि राजनीति में जुबान चलाने से पहले मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए। किसी दिवंगत व्यक्ति को लेकर इस तरह की टिप्पणी करना उचित नहीं है।

रणदीप ठाकुर ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि पिछले दिन अजय जोशी ने दिवंगत प्रोफेसर सिमी अग्निहोत्री को लेकर जो टिप्पणी की, उसका वह कड़ा विरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि सिमी अग्निहोत्री हरोली के लोगों के लिए सम्मान का विषय हैं। उनके बारे में की गई टिप्पणी से हरोली के लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची है। उन्होंने अजय जोशी से सार्वजनिक तौर पर माफी मांगने की मांग करते हुए कहा कि हरोली में 17 और 18 अक्तूबर को होने वाले दंगल में वह शामिल न हों। अगर वह दंगल में आते हैं तो उनका पुरजोर विरोध किया जाएगा। कहा कि दंगल में पहलवानों का सम्मान किया जाता है, अपमानजनक शब्दों का नहीं।

उन्होंने कहा कि टिप्पणी के खिलाफ हर संभव स्तर पर कानूनी लड़ाई भी लड़ी जाएगी। उनकी लीगल टीम इस मामले में हर पहलू पर कार्रवाई करेगी। टिप्पणी को लेकर वह हर स्तर पर अपना विरोध दर्ज करवाएंगे। उन्होंने कहा कि सिमी अग्निहोत्री हरोली के लोगों के लिए मां के समान हैं। आज वह लोगों के बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विचार, विचारधारा और आशीर्वाद आज भी हरोली के लोगों के दिलों में उसी सम्मान के साथ मौजूद हैं। ऐसे में उनके बारे में की गई टिप्पणी को लेकर लोगों में नाराजगी स्वाभाविक है।

ठाकुर ने कहा कि अजय जोशी ने जो बात कही है, वह गलत है और उसका वह पुरजोर खंडन करते हैं। उन्होंने दोहराया कि अजय जोशी को इस मामले में सार्वजनिक तौर पर माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने मीडिया के माध्यम से भी अजय जोशी से अपील की कि वह अपनी टिप्पणी को लेकर स्थिति स्पष्ट करें और हरोली के लोगों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।