हांसी:– आम आदमी पार्टी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह से मांग की है कि वर्षों से लम्बित हांसी वासियों की मांग पर हांसी को पूरी तरह से जिला बनाने की घोषणा की जाए ताकि इस हल्के में और आसपास के क्षेत्र में विकास कार्यों को कुछ गति मिल सके। पार्टी के जिला अध्यक्ष राजेन्द्र सोरखी ने कहा है कि पिछले कई वर्षों से हर वर्ग की तरफ से हांसी को जिला बनाने की मांग पुरजोर तरीके से की जा रही है।
इसी मांग को लेकर आंदोलन भी किए गए। धरना-प्रदर्शन पर हजारों लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। सरकार ने आंदोलन के बाद हांसी को जिला बनाने की ओर आंशिक रूप से कदम बढ़ाया किंतु आज तक हांसी पूरी तरह से जिला नहीं बन पाया। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ने विधानसभा चुनावों के दौरान स्वयं घोषणा भी की थी कि हांसी को जिला बनाया जाएगा तथा यहां जिला उपायुक्त बैठा करेंगे।
मुख्यमंत्री को देर से ही सही परंतु अपना वायदा भी पूरा करना चाहिए। आम आदमी पार्टी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री से मांग की है कि चिरलंबित मांग को पूरा करते हुए हांसी को पूर्ण रूप से जिले का दर्जा दिलाया जाए ताकि हल्के में कुछ नए प्रोजेक्ट सिरे चढ़े तथा विकास कार्यों को गति मिल सके। हल्के के लोगों को रोजगार के अवसर मिल सकें।
सीएम हांसी को पूरी तरह से जिला बनाने की लम्बित मांग को पूरा करे राजेन्द्र सोरखी
