हांसी:– रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर लोगों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हांसी विनोद कुमार ने आमजन के लिए विशेष सुरक्षा एवं यातायात एडवाइजरी जारी की है। एसपी हांसी ने नागरिकों से अपील की है कि भाई-बहन के प्रेम और विश्वास के इस पवित्र पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाएं, लेकिन यात्रा के दौरान सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।
रक्षाबंधन पर बड़ी संख्या में लोग अपने घरों से दूसरे शहरों एवं गांवों में आने-जाने के लिए बसों और अन्य सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करते हैं। इसके चलते बस स्टैंड, बाजारों और प्रमुख मार्गों पर भीड़ बढ़ने की संभावना रहती है। हांसी पुलिस द्वारा पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

बस में चढ़ते-उतरते समय न करें जल्दबाजी
पुलिस अधीक्षक हांसी ने विशेष रूप से बस यात्रियों से अपील की है कि बस में चढ़ते और उतरते समय जल्दबाजी, धक्का-मुक्की और लापरवाही से बचें। बस के पूरी तरह रुकने के बाद ही उसमें चढ़ें अथवा उतरें। चलती बस में चढ़ने या उतरने का प्रयास बिल्कुल न करें।
बस के दरवाजे या पायदान पर खड़े होकर यात्रा न करें। भीड़ अधिक होने पर धैर्य रखें और अपनी बारी का इंतजार करें। महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों एवं दिव्यांग यात्रियों को बस में चढ़ने-उतरने में सहयोग करें।

बस स्टैंड और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर रहें सतर्क
पर्व के दौरान बस स्टैंड एवं बाजारों में भीड़ बढ़ सकती है। ऐसे में यात्री अपने मोबाइल फोन, पर्स, नकदी, आभूषण एवं अन्य कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें। बच्चों को भीड़ में अकेला न छोड़ें। छोटे बच्चों के साथ यात्रा करते समय उनके पास परिवार के किसी सदस्य का मोबाइल नंबर अवश्य रखें।
किसी अनजान व्यक्ति से कोई संदिग्ध वस्तु या पैकेट न लें और लावारिस सामान दिखाई देने पर उसे छुएं नहीं। ऐसी स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें।

वाहन चालकों से भी विशेष अपील
एसपी हांसी ने वाहन चालकों से कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करें, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें तथा तेज गति, गलत दिशा में वाहन चलाने और खतरनाक ढंग से ओवरटेक करने से बचें। नशे की हालत में वाहन न चलाएं और नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें।
बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में वाहन सड़क पर बेतरतीब तरीके से पार्क न करें। निर्धारित पार्किंग स्थल का प्रयोग करें, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और दूसरे लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

महिलाओं एवं युवतियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस सतर्क
रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं एवं युवतियों की सुरक्षा को लेकर भी हांसी पुलिस विशेष रूप से सतर्क रहेगी। 

पुलिस अधीक्षक हांसी की आमजन से अपील
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने कहा कि “रक्षाबंधन खुशियों और पारिवारिक मिलन का पर्व है। हमारी प्राथमिकता है कि प्रत्येक व्यक्ति सुरक्षित अपने घर पहुंचे और परिवार के साथ पर्व की खुशियां मनाए। बस में चढ़ते-उतरते समय जल्दबाजी न करें, बच्चों एवं बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें और यातायात नियमों का पालन करें।”