करनाल, 29 जुलाई:- हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने बुधवार को पंचायत भवन के सभागार में कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में 13 परिवादों में से 7 मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया तथा शेष 6 परिवादों की पुनः: जांच उच्च अधिकारियों को सौंपी गई।
बैठक में कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा ने डीआरपी एनक्लेव कॉलोनी सेक्टर-36 के एन्क्लेव रेजिडेंट्स एवं समस्त कॉलोनी वासियों की शिकायत का मामला कोर्ट में विचाराधीन है। इस मामले पर लीगल एडवाइज ली जाएगी और कोर्ट के फैसले के बाद ही इस पर उचित कार्रवाई की जाएगी। कोपरेटिव सोसायटी द्वारा प्लाट आवंटन मामले में न्यू डीसी कॉलोनी वासी उषा रानी की शिकायत पर मंत्री ने मुख्यालय से जवाब आने के बाद डीसी द्वारा दोबारा जांच करवाई जाएगी। गांव गोंदर निवासी सुरजीत सिंह की शिकायत खनन विभाग से संबंधित मामले की जांच एडीसी द्वारा की जा रही है, इसलिए जांच रिपोर्ट मिलने तक इसे लंबित रखा गया है।
नई शिकायतों में संजय निवासी गांव गंगटेहड़ी के बेटे के साथ की गई मारपीट के मामले पर मंत्री ने पुलिस विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए कि शेष अपराधियों को जल्द पकड़ा जाए व शिकायतकर्ता को कार्रवाई से संतुष्ट किया जाए। कैथल निवासी साहिल सिंगला द्वारा गिरिराज इंडस्ट्रीज मंजूरा द्वारा वेतन न मिलने की शिकायत पर मंत्री ने एडीसी, डीएसपी, लेबर इंस्पेक्टर व समिति के सदस्य द्वारा कमेटी गठित कर जांच करने के निर्देश दिए। करनाल सेक्टर 7 निवासी विजय कुमार के प्लॉट से नगर निगम द्वारा सडक़ निकालने के मामले में मंत्री ने नगर निगम के संयुक्त आयुक्त की अध्यक्षता में तहसीलदार सेल व तहसीलदार की कमेटी द्वारा जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार सेक्टर 9 निवासी कर्मसिंह द्वारा सेक्टर 43 कमर्शियल, 43 ए व 43 बी इंडस्ट्रियल करनाल का प्लान लागू करने बारे सूचना जारी न करने और सेक्टर 43ए में जीटी रोड एनएच 44 से अंसल टाउनशिप तक डबल लेन सडक़ बनाए जाने की शिकायत पर मंत्री ने कहा कि गेट बंद करने और अगली बैठक में रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए।
बैठक के बाद पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि सरकार की कोशिश हर शिकायतकर्ता की बात सुनने और उसका समाधान करने की है। उन्होंने कहा कि जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में दोनों पक्षों को सुनने के बाद ही उचित फैसला लिया जाता है और प्रयास रहता है कि हर व्यक्ति संतुष्ट होकर जाए।
भाजपा सांसद कंगना रनौत के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में बयान हमेशा संयम और धैर्य के साथ देने चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को व्यक्तिगत कटाक्ष से बचना चाहिए। किसानों के मुद्दों पर मंत्री ने कहा कि वह खुद भी किसान हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री समस्याओं को पहले ही समझ लेते हैं और उनका समाधान भी निकालते हैं। भारत की ट्रेड डील को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा कि किसान अपनी बात और चिंताएं रखते हैं, लेकिन हर विषय को समझने और सही तरीके से परखने की भी आवश्यकता होती है।
पेपर लीक के मुद्दे पर कृषि मंत्री ने कहा कि यह बच्चों के भविष्य से जुड़ा बेहद गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मामले को गंभीरता से ले रहे हैं और स्थायी समाधान की दिशा में काम करेंगे ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। उन्होंने बताया कि कल करनाल में आयोजित होने वाले 77वें वन महोत्सव में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शामिल होंगे। एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत वन महोत्सव को धूमधाम से मनाया जाएगा।
इस अवसर पर नीलोखेड़ी विधायक भगवानदास कबीरपंथी, करनाल विधायक जगमोहन आनंद, असंध विधायक योगेंद्र राणा, मेयर रेनू बाला गुप्ता, हरियाणा पशुधन बोर्ड के अध्यक्ष एडवोकेट अशोक सिरसी तथा जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा, एडीसी डॉ. राहुल रईया, नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कष्ट निवारण समिति के मनोनीत सदस्य मौजूद रहे।
कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा ने बैठक में 7 मामलों का मौके पर किया निपटारा शेष 6 शिकायतों की पुनःजांच के निर्देश
