चंडीगढ़, 28 जनवरी 2026:- पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (पीजीआईएमईआर), चंडीगढ़ के एनाटॉमी विभाग को एक और प्रेरणादायक देहदान प्राप्त हुआ है। ग्राम एवं डाकघर परहोल, जिला एस.ए.एस. नगर (मोहाली), पंजाब निवासी 89 वर्षीय श्री सुरिंदर सिंह (पुत्र श्री शेर सिंह) का 28 जनवरी 2026 को निधन हो गया। उनके निधन के उपरांत उनका पार्थिव शरीर उसी दिन उनके परिजनों द्वारा पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च, चंडीगढ़ के एनाटॉमी विभाग को दान किया गया।
यह देहदान उनके भतीजे श्री सुखमिंदर सिंह, पोते श्री दिलप्रीत सिंह तथा परिवार के अन्य सदस्यों की सहमति से सम्पन्न हुआ। संस्थान के एनाटॉमी विभाग ने इस महान और मानवता के लिए अत्यंत उपयोगी निर्णय के लिए दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवारजनों के प्रति आभार व्यक्त किया है।
संस्थान के अधिकारियों ने बताया कि देहदान चिकित्सा शिक्षा और शोध के क्षेत्र में एक अमूल्य योगदान है, जिससे भविष्य के चिकित्सकों के प्रशिक्षण और चिकित्सा विज्ञान की प्रगति में महत्वपूर्ण सहायता मिलती है। ऐसे पुण्य कार्य समाज में सेवा, संवेदना और मानव कल्याण की भावना को सुदृढ़ करते हैं।
पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च प्रशासन ने आम नागरिकों से इस महादान के प्रति जागरूक होने और आगे आने की अपील भी की है।

देहदान / एम्बाल्मिंग हेल्पलाइन:
0172-2755201 (कार्यालय समय में)
9660030095 (24×7)