हांसी:–पुलिस अधीक्षक हांसी विनोद कुमार, आईपीएस ने जिला वासियों, विशेषकर युवाओं से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं बल्कि पूरे परिवार को प्रभावित करता है। नशे की लत से व्यक्ति का स्वास्थ्य खराब होता है, आर्थिक स्थिति कमजोर होती है और कई बार वह अपराध के रास्ते पर भी चल पड़ता है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि वर्तमान समय में नशा समाज के लिए एक गंभीर चुनौती बन चुका है। युवा वर्ग को इस बुराई से बचाने के लिए परिवार, समाज और प्रशासन को मिलकर कार्य करना होगा। अभिभावकों को चाहिए कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर ध्यान रखें और उन्हें खेल, शिक्षा तथा अन्य सकारात्मक गतिविधियों के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने बताया कि हांसी पुलिस द्वारा नशा तस्करों और अवैध नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जा रही है। नशा बेचने वालों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई अमल में लाई जा रही है और भविष्य में भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की कि यदि उनके आसपास कहीं नशे की बिक्री, तस्करी या सेवन की जानकारी हो तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
उन्होंने कहा कि एक जागरूक समाज ही नशा मुक्त समाज का निर्माण कर सकता है। आइए, हम सभी मिलकर नशे के खिलाफ लड़ाई में अपना योगदान दें और आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य प्रदान करें।