हिसार:– मानवती आर्य कन्या विद्यालय द्वारा स्थानीय कृष्णा वाटिका परिसर में नशा-मुक्ति विषय पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विधायक विनोद भयाना ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए कार्यक्रम का विधिवत रूप से शुभारंभ किया। आर्य युवा समाज द्वारा 100 कुंडीय हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। इसमें विधायक विनोद भयाना ने पूर्ण आहुति डाली और परमपिता परमात्मा से लोककल्याण की कामना की।
विधायक भयाना ने नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा आज समाज के लिए एक गंभीर और चिंताजनक चुनौती बन चुका है। उन्होंने कहा कि नशा केवल किसी एक व्यक्ति का नुकसान नहीं करता, बल्कि पूरे परिवार, समाज और देश की प्रगति को बाधित करता है। नशे को उन्होंने धीमा ज़हर बताते हुए कहा कि इसकी वजह से अपराध, दुर्घटनाएं और सामाजिक बुराइयाँ बढ़ती हैं तथा परिवारों की खुशियां छिन जाती हैं।
विधायक ने कन्या विद्यालय द्वारा इस तरह के सामाजिक सरोकार वाले कार्यक्रम के आयोजन की सराहना की और कहा कि बेटियाँ ही समाज का सबसे बड़ा परिवर्तन लाने की क्षमता रखती हैं। जहां बेटियाँ जागरूक हों, वहाँ समाज निश्चित ही सही दिशा में आगे बढ़ता है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस कार्यक्रम से छात्राओं और नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने में बड़ी मदद मिलेगी।
विधायक भयाना ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है, इसलिए उन्हें नशे से पूरी तरह दूर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार नशे के विरुद्ध अभियान चला रही है, अवैध नशा कारोबार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई भी कर रही है, लेकिन असली सफलता तब मिलेगी जब युवा स्वयं नशे को “ना” कहेंगे और बाकी समाज को भी इसको त्यागने बारे जागरूक करेंगे।
विधायक ने विद्यालय और अध्यापकगण की प्रशंसा करते हुए कहा कि शिक्षा केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में नैतिक मूल्य और सामाजिक जिम्मेदारी का विकास करते हैं। बच्चों की दिनचर्या पर ध्यान दिया जाए और नशा छोड़ने की चाह रखने वाले लोगों को सहयोग एवं प्रोत्साहन दिया जाए।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा गांव-शहरों में खेल, योग, सांस्कृतिक गतिविधियों और सकारात्मक माहौल को बढ़ावा देकर नशे के खिलाफ एक मजबूत दीवार खड़ी की जा सकती है। पूरा समाज एकजुट होकर ही नशा-मुक्त हरियाणा और नशा-मुक्त भारत का सपना पूरा कर सकता है।
विधायक विनोद भयाना ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विद्यालय स्टाफ को बधाई दी और इसे सामाजिक परिवर्तन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों से नशा-मुक्त समाज बनाने का सामूहिक संकल्प लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर एसडीएम राजेश खोथ , नगर परिषद के अध्यक्ष प्रवीन ऐलावादी, राजपाल यादव, विद्यालय के अध्यक्ष वेद प्रकाश नारंग, प्रबंधक रामशरण दास, प्रधानाचार्य तमन्ना, कृष्ण तनेजा एडवोकेट सुरेंद्र राजपाल, विनोद सैनी, विधायक के निजी सचिव रवि अरोड़ा, नवीन ठाकुर, पुनीत मदान , पवन रापडिया, नेशव बांगा, गोलू बांगा, अजय गंगू सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
नशा एक धीमा ज़हरइसके खात्मे के लिए समाज को मिलकर लड़नी होगी लड़ाई विधायक विनोद भयाना
