रतिया, 11 फरवरी:- एसडीएम सुरेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में एनीमिया मुक्त हरियाणा अभियान के तहत बुधवार को उपमंडल स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से एनीमिया मुक्त हरियाणा अभियान के अंतर्गत अब तक उपमंडल स्तर पर किए गए प्रयासों और उपलब्धियों की जानकारी दी गई।
एसडीएम सुरेन्द्र सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एनीमिया की रोकथाम को लेकर विशेष रूप से बच्चों, किशोरियों और गर्भवती महिलाओं पर ध्यान केंद्रित किया जाए। उन्होंने कहा कि स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाए जाएं तथा एनीमिया से पीड़ित बच्चों को समय पर आयरन एवं फोलिक एसिड की गोलियां, पौष्टिक आहार एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से आयरन की गोलियों के वितरण और नियमित जांच के निर्देश दिए गए।
एसडीएम ने कहा कि एनीमिया की कमी को दूर करने के लिए विभिन्न आयु वर्ग के अनुसार निर्धारित मात्रा में आयरन की गोलियां व सिरप उपलब्ध कराई जाएं। इसके साथ ही लाभार्थियों को उनके भोजन में शामिल किए जाने वाले पोषक तत्वों की जानकारी दी जाए, ताकि वे अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बन सकें और स्व-देखभाल की आदत विकसित कर सकें।
एसडीएम ने बाल विकास परियोजना, चिकित्सा और शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि वे आपसी समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी ढंग से चलाएं और फील्ड स्तर पर नियमित निगरानी करें। उन्होंने कहा कि एनीमिया न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक विकास में भी बाधा बनता है, इसलिए इसे रोकना समाज के समग्र विकास के लिए जरूरी है।
बैठक में डिप्टी सिविल सर्जन डा. भरत सिंह, बीडीपीओ विकास कुमार लंग्यान, डा. सनी मल्होत्रा, एएमओ डा. सीमा, डा. अर्चना, हेल्थ इंस्पेक्टर राजेश स्योकंद, डा. निरपाल, एसईपीओ राजेंद्र गोदारा, एबीआरसी कुलदीप सिंह, प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन लोकेश खुराना, सुपरवाइज़र पूजा, स्मेष्ठा, सोशल वर्कर हैप्पी सेठी, ओमप्रकाश आदि मौजूद रहे।
एसडीएम की अध्यक्षता में उपमंडल स्तर पर एनीमिया मुक्त हरियाणा अभियान के तहत बैठक का किया आयोजन
