हरियाणा/हिसार- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा बतौर वित्तमंत्री वर्ष 2026-27 का 2,23,658.17 करोड़ रुपये का विकासोन्मुख बजट पेश किए जाने पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला महामंत्री हिसार वीरेन्द्र महत्ता ने इसे प्रदेश के सर्वांगीण विकास का बजट बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट हर वर्ग के हितों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है, जिससे हरियाणा के विकास को नई गति मिलेगी।
वीरेन्द्र महत्ता ने कहा कि इस बजट में समाज कल्याण विभाग को 17,250.72 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जो पिछली बार की तुलना में 3.60 प्रतिशत अधिक है। इससे समाज के कमजोर वर्गों को और अधिक सशक्त बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महिलाओं के नाम पर वाहन खरीदने पर टैक्स में 1 प्रतिशत की छूट देने की घोषणा की है, जो महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। साथ ही अग्निवीरों को पुलिस बल में आरक्षण देने की घोषणा युवाओं के लिए बड़ी सौगात है।
उन्होंने कहा कि बजट में महिलाओं के लिए गांवों में नारी मंडपम स्थापित करने, युवाओं के लिए मोबाइल स्किल सेंटर शुरू करने और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की ट्रेनिंग देने जैसे निर्णय भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए लिए गए हैं। इसके अलावा किसानों को देसी कपास की खेती पर 4000 रुपये प्रति एकड़ प्रोत्साहन राशि तथा धान छोड़कर तिल, दलहन और कपास की खेती करने पर 2000 रुपये प्रति एकड़ अतिरिक्त बोनस देने की घोषणा किसानों की आय बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगी।
वीरेन्द्र महत्ता ने कहा कि किसानों को कृषि के लिए निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए हरियाणा एग्री डिस्कॉम के नाम से नई बिजली वितरण कंपनी बनाने का निर्णय भी सराहनीय है। ग्राम सभाओं और पैक्स को सशक्त करने, सरकारी भवनों को सौर ऊर्जा आधारित बनाने और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पीपीपी मॉडल पर आदर्श परीक्षा केंद्र स्थापित करने जैसे निर्णय भी दूरगामी प्रभाव डालेंगे।
उन्होंने कहा कि हरियाणा ग्रीन क्लाइमेट रेजिलिएंस फंड की स्थापना से प्रदेश को स्वच्छ और हरित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मई 2026 में इनोवेशन चैलेंज के माध्यम से एआई टीमों का चयन करने और प्रदेश को मोबाइल प्रोडक्शन व एआई हब के रूप में विकसित करने का लक्ष्य भी युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करेगा।
महत्ता ने कहा कि प्रदेश में 14 वर्ष की लगभग 3 लाख किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाने का निर्णय, अकुशल श्रमिकों की न्यूनतम मजदूरी बढ़ाने की पहल और यमुना नदी में जल प्रदूषण समाप्त करने के लिए विशेष मिशन शुरू करने की घोषणा भी जनहित में महत्वपूर्ण कदम हैं।
उन्होंने कहा कि सोनीपत, हिसार, अम्बाला शहर, यमुनानगर, सिरसा, फतेहाबाद, नीलोखेड़ी, बहादुरगढ़, बरवाला और पानीपत में बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए 500 करोड़ रुपये के सक्षम फंड की स्थापना से शहरी विकास को नई गति मिलेगी। साथ ही महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए पिंक कैब योजना शुरू करने, लाड़ो लक्ष्मी योजना का बजट बढ़ाने और आंगनड़ी केंद्रों को अपग्रेड करने की घोषणाएं भी सराहनीय हैं।
वीरेन्द्र महत्ता ने कहा कि आतंकवादी गतिविधियों से निपटने के लिए एटीएस के गठन और प्रदेश में सात नए महिला थाने खोलने की घोषणा से सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा लगभग तीन घंटे से अधिक समय तक बजट भाषण में प्रदेश के विकास की स्पष्ट रूपरेखा प्रस्तुत की गई है।
अंत में वीरेन्द्र महत्ता ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट हरियाणा को विकास, रोजगार, किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण और तकनीकी प्रगति के मार्ग पर आगे ले जाने वाला ऐतिहासिक बजट है।
