हरोली/ऊना, 15 जून (राजवीर चोपड़ा):- पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन तथा प्रयास सोसाइटी के सहयोग से संचालित सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा और स्वस्थ खंड हरोली के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम सलोह में विशेष निक्षय एवं आयुष्मान आरोग्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर के दौरान कुल 98 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जबकि 90 निःशुल्क लैब जांचें एवं एक्स-रे सेवाएं उपलब्ध करवाई गईं। इसके अलावा मरीजों को मुफ्त दवाइयां, चिकित्सकीय परामर्श तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी भी प्रदान की गई।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को टीबी के लक्षणों, समय पर जांच, नियमित उपचार, आयुष्मान भारत योजना के लाभ तथा विभिन्न बीमारियों से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जागरूक किया। साथ ही टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत लोगों को किसी भी संदिग्ध लक्षण की स्थिति में तुरंत जांच करवाने के लिए प्रेरित किया गया।
शिविर में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. रोहित राय विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने हड्डियों, जोड़ों और रीढ़ संबंधी समस्याओं से पीड़ित मरीजों का परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया। उनकी विशेषज्ञ सेवाओं का लाभ बड़ी संख्या में मरीजों ने प्राप्त किया।
इस अवसर पर डॉ. प्रदीप कुमार, डॉ. रोहित राय, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ), फार्मासिस्ट इंदु, एसटीएस सतीश कुमार, गुलशन कुमार, निहाल सिंह, मनीष, आशा कार्यकर्ता तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने और टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
स्थानीय लोगों ने सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा एवं स्वस्थ खंड हरोली की इस जनहितैषी पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच को मजबूत कर रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता को लोगों के लिए अत्यंत लाभदायक बताया।
शिविर के समापन पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों से “टीबी हारेगा, देश जीतेगा” के संकल्प को साकार करने तथा टीबी मुक्त भारत अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा के निक्षय एवं आयुष्मान आरोग्य शिविर में 98 मरीजों की जांच हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ रोहित राय ने दी सेवाएं
